More
    HomeदुनियाPM मोदी ने साइप्रस में बताया भारत का विजन, जल्द बनेगा तीसरी...

    PM मोदी ने साइप्रस में बताया भारत का विजन, जल्द बनेगा तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था

    भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को साइप्रस की राजधानी निकोसिया में इंडिया-साइप्रस CEO फोरम को संबोधित किया। यह दौरा 20 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली आधिकारिक यात्रा है। पीएम मोदी ने इस दौरान भारत की आर्थिक तरक्की, डिजिटल क्रांति, और साइप्रस के साथ सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण बातें साझा कीं।

    भारत और साइप्रस के बीच व्यापार
    पीएम मोदी ने कहा कि भारत और साइप्रस के बीच 150 मिलियन डॉलर का व्यापार हो रहा है, लेकिन असली क्षमता इससे कहीं ज्यादा है। उन्होंने कहा, “साइप्रस भारत का भरोसेमंद साझेदार रहा है। यहां से भारत में निवेश हुआ है और कई भारतीय कंपनियों ने साइप्रस में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। साइप्रस को यूरोप का गेटवे भी माना जाता है।”

    भारत की बढ़ती अर्थव्यवस्था
    प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में बताया कि भारत बहुत जल्द विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, “पिछले एक दशक में भारत पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है। अब हम तेजी से तीसरे स्थान की ओर बढ़ रहे हैं।”

    उन्होंने भारत में आई डिजिटल क्रांति का जिक्र करते हुए कहा, “आज दुनिया में 50% डिजिटल लेन-देन भारत में UPI के माध्यम से होते हैं। फ्रांस जैसे देशों को हमने जोड़ा है और अब साइप्रस से भी UPI को जोड़ने की बात हो रही है। मैं इसका स्वागत करता हूं।”

    भारत का किस पर है फोकस?
    पीएम मोदी ने बताया कि भारत हर साल 100 अरब डॉलर से अधिक का निवेश इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में कर रहा है। इस साल के बजट में नए मैन्युफैक्चरिंग मिशन की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा, “हम मरीन और पोर्ट डिवेलपमेंट, शिपबिल्डिंग और सिविल एविएशन जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। हमारी 1 लाख से ज्यादा स्टार्टअप कंपनियां सिर्फ सपने नहीं, समाधान बेच रही हैं।”

    पीएम मोदी ने खुशी जताई कि साइप्रस स्टॉक एक्सचेंज और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने गुजरात के GIFT सिटी में सहयोग के लिए समझौता किया है। साथ ही उन्होंने बताया कि भारत और यूरोपीय संघ (EU) के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) पर भी काम तेज़ी से चल रहा है और इस वर्ष के अंत तक समझौता पूरा करने का लक्ष्य है।

    साइप्रस के राष्ट्रपति ने पीएम मोदी का किया स्वागत
    प्रधानमंत्री मोदी ने साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडुलाइड्स का विशेष धन्यवाद किया कि वह उन्हें खुद एयरपोर्ट पर लेने आए और बिज़नेस नेताओं के साथ बैठक का आयोजन किया। उन्होंने कहा, “मैं राष्ट्रपति महोदय का आभार व्यक्त करता हूं कि वे मुझे लेने खुद एयरपोर्ट आए और व्यापारिक नेताओं के साथ बड़ी बैठक रखी।”

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here