मिनी सचिवालय के बाहर आरजीएचएस योजना में सुविधाएं बहाल करने की उठी मांग
अलवर। बुधवार को आरजीएचएस योजना को लेकर बुजुर्ग पेंशनर्स का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में पेंशनर्स मिनी सचिवालय पहुंचे और चिकित्सा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी पेंशनर्स मिनी सचिवालय के अंदर जाकर ज्ञापन सौंपना चाहते थे, लेकिन अरावली विहार थाना पुलिस ने उन्हें गेट पर ही रोक दिया। इसके बाद पेंशनर्स ने सचिवालय के बाहर ही धरना देकर विरोध जताया।
राजस्थान पेंशनर समाज जिला शाखा अलवर के पदाधिकारियों ने कहा कि आरजीएचएस योजना वर्ष 2021 में लागू की गई थी और पेंशनर्स के वेतन से नियमित कटौती भी की गई, लेकिन वर्तमान में योजना के तहत इलाज और दवाइयों की सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं।
पेंशनर्स का आरोप है कि कई दवाइयां उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं और इलाज में भी लगातार दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे बुजुर्गों की परेशानियां बढ़ गई हैं।
पेंशनर दिलीप कुमार ने कहा कि पूर्व सरकार द्वारा शुरू की गई योजना का संचालन वर्तमान समय में सही तरीके से नहीं हो पा रहा है। उन्होंने मांग की कि आरजीएचएस योजना के तहत दवाइयों और चिकित्सा सुविधाओं को सुचारू रूप से जारी रखा जाए, ताकि पेंशनर्स को राहत मिल सके।
प्रदर्शन के दौरान पेंशनर्स ने सरकार से जल्द समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


