नीट पेपर लीक पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग, मुख्यमंत्री की चुप्पी पर भी साधा निशाना
जयपुर। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों से आरोपी दिनेश बिवाल के भाजपा नेताओं से संबंध सामने आ रहे हैं।

जूली ने कहा कि प्रदेश की जनता के बीच यह चर्चा तेजी से फैल रही है कि पेपर लीक के तार सत्ता संरक्षण से जुड़े हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी की कई भाजपा नेताओं के साथ तस्वीरें सामने आने के बाद यह सवाल खड़े हो रहे हैं कि अभ्यर्थियों की शिकायतों को गंभीरता से क्यों नहीं लिया गया और पूरे मामले को दबाने की कोशिश क्यों हुई।
भाजपा नेताओं की चुप्पी पर सवाल
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पहले पेपर लीक मामलों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री लगातार बयान देते थे, लेकिन अब जब मामला भाजपा से जुड़े लोगों तक पहुंच रहा है तो सभी चुप्पी साधे हुए हैं।
सीबीआई जांच पर जताई आशंका
टीकाराम जूली ने कहा कि मामले को सीबीआई को सौंपना केवल औपचारिकता बनकर न रह जाए, इस पर भी सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच एजेंसियों की निष्पक्षता को लेकर युवाओं में विश्वास कम हो रहा है।
उन्होंने कहा कि जब आरोपियों के संबंध सत्ताधारी दल से जोड़े जा रहे हैं, तब निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। जूली ने कहा कि राजस्थान के लाखों युवाओं का भविष्य दांव पर लगा है और सरकार केवल लीपापोती में लगी दिखाई दे रही है।
मुख्यमंत्री की कार्यप्रणाली पर भी उठाए सवाल
जूली ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि नीट पेपर लीक मामले में अब तक उनकी ओर से कोई स्पष्ट बयान नहीं आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने पीड़ित अभ्यर्थियों को निष्पक्ष जांच का भरोसा तक नहीं दिलाया।
धर्मेंद्र प्रधान से मांगा इस्तीफा
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर हमला बोलते हुए टीकाराम जूली ने कहा कि उन्हें नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि बार-बार परीक्षाओं में गड़बड़ी सामने आना युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

