उमरैण गांव में दर्दनाक आंधी हादसा, 12वीं की छात्रा ने उपचार के दौरान तोड़ा दम
अलवर। जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम उमरैण में तेज आंधी के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। घर पर काम कर रही 12वीं कक्षा की छात्रा की उड़कर आई टीन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार ग्राम उमरैण निवासी 19 वर्षीय प्रियंका सैनी पुत्री राम सिंह बुधवार देर शाम अपने घर पर काम कर रही थी। इसी दौरान क्षेत्र में तेज आंधी चलने लगी। आंधी इतनी तेज थी कि पास में लगी टीन उड़कर सीधे प्रियंका से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के तुरंत बाद परिजन घायल छात्रा को उपचार के लिए अलवर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया। लेकिन देर रात उपचार के दौरान प्रियंका ने दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि प्रियंका 12वीं कक्षा की छात्रा थी और पढ़ाई में काफी होनहार मानी जाती थी।
गांव में पसरा मातम
ग्राम उमरैण के उप प्रधान महेश सैनी ने बताया कि तेज आंधी के कारण यह हादसा हुआ, जिससे पूरा परिवार गहरे सदमे में है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल अकबरपुर थाना पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचकर शव का पोस्टमार्टम कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

