More
    Homeराजस्थानअलवरस्कूल बस हादसे में टला बड़ा हादसा: रसगन में डीपी से टकराई...

    स्कूल बस हादसे में टला बड़ा हादसा: रसगन में डीपी से टकराई बस, बच्चों की सुरक्षा पर उठे सवाल

    ब्रेक खराब होने के आरोप के बीच स्कूल बस हादसे से ग्रामीणों में आक्रोश, चार बच्चे सुरक्षित

    मुंडावर। उपखंड क्षेत्र के रसगन गांव में गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब मैक्सफोर्ड स्कूल की बच्चों से भरी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी बिजली की डीपी से जा टकराई। हादसे के समय बस में चार स्कूली बच्चे सवार थे, जिन्हें ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज रफ्तार में थी। अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस सीधे बिजली के पोल एवं ट्रांसफार्मर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बच्चे घबराकर रोने लगे।

    ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के दौरान विद्युत लाइन ट्रिप हो गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। यदि बिजली आपूर्ति जारी रहती तो बच्चों की जान खतरे में पड़ सकती थी।

    घटना के बाद मामले ने नया मोड़ तब लिया जब बस चालक ने दावा किया कि बस के ब्रेक पहले से खराब थे। चालक के अनुसार उसने कई बार स्कूल प्रबंधन को बस की खराब स्थिति से अवगत कराया था, लेकिन इसके बावजूद बस को बच्चों के परिवहन के लिए उपयोग में लिया गया।

    चालक के इस बयान के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों में भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रशासन बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है और बिना फिटनेस जांच के खराब हालत वाली बसों का संचालन किया जा रहा है।

    घटना की सूचना मिलते ही खैरथल थाना अधिकारी रामकिशन यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और अभिभावक मौके पर एकत्र हो गए तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

    ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल वाहनों की नियमित फिटनेस जांच कराई जाए और बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here