भरतपुर में शीतल जल सेवा और पक्षियों के लिए परिंडे लगाने का लिया संकल्प
भरतपुर। पुरुषोत्तम मास के शुभारम्भ से पूर्व शनिवार को भरतपुर के हीरादास बस स्टैण्ड स्थित श्री कैलादेवी मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और राहगीरों के लिए मिल्करोज एवं शर्बत वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह सेवा कार्य स्वर्गीय श्रीमती मिथिलेश गुप्ता की स्मृति में आयोजित किया गया। कार्यक्रम करतार सिंह मदेरणा एवं मेघराज मुखिया के सानिध्य में सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर 17 मई से 15 जून तक लगातार शीतल जल सेवा संचालित करने तथा पक्षियों के लिए 21 परिंडे लगाने का संकल्प भी लिया गया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने गर्मी के मौसम में मानव सेवा के साथ-साथ जीवों की सेवा को भी महत्वपूर्ण बताया।
पुनीत गुप्ता एवं दीपिका गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि 17 मई से पुरुषोत्तम मास प्रारम्भ होकर 15 जून तक चलेगा। इस दौरान राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु गोवर्धन, मथुरा, डीग, वृन्दावन, कामवन और अन्य धार्मिक स्थलों की यात्रा एवं परिक्रमा के लिए भरतपुर होकर गुजरते हैं। श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हीरादास स्थित दी मोटर बस ऑपरेटर यूनियन कार्यालय एवं श्री कैलादेवी मंदिर परिसर में शीतल जल सेवा शुरू की गई है।
उन्होंने बताया कि पुरुषोत्तम मास के दौरान प्रतिदिन यात्रियों और श्रद्धालुओं को शीतल जल उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही राहगीरों के लिए विश्राम और सुरक्षा जैसी सुविधाओं की भी व्यवस्था की जाएगी, ताकि गर्मी के मौसम में आने-जाने वाले लोगों को राहत मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने इसे धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सेवा का भी महत्वपूर्ण कार्य बताया। आयोजकों ने कहा कि सेवा कार्यों के माध्यम से समाज में सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत किया जा सकता है।
इस सेवा अभियान के लिए प्रेरणा समृद्ध भारत अभियान के निदेशक सीताराम गुप्ता एवं समाजसेविका त्रिवेणी गुप्ता से प्राप्त होने की बात भी आयोजकों ने कही
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


