अलवर में समीक्षा बैठक के दौरान लंबित कोर्ट केस, संपर्क पोर्टल परिवाद और राजस्व मामलों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जिला कलक्टर ने जताई गंभीरता
अलवर। आर्तिका शुक्ला ने सोमवार को वीसी के माध्यम से राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर राजस्व संबंधित कोर्ट केस, लंबित राजस्व प्रकरणों एवं संपर्क पोर्टल पर दर्ज परिवादों के निस्तारण की समीक्षा की। बैठक में उपखंड अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिला कलक्टर ने कहा कि सभी राजस्व अधिकारी प्रो-एक्टिव होकर कार्य करें तथा बकाया राजस्व प्रकरणों का निर्धारित समयावधि में निस्तारण करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने अधीनस्थ न्यायालयों में लंबित राजस्व संबंधी कोर्ट केसों की विस्तृत समीक्षा करते हुए उपखंड अधिकारियों एवं तहसीलदारों को नियमों के अनुसार मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बैठक में न्यायिक अधिकारियों के कार्यालय एवं आवासीय भवनों के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा राजस्व वाद निस्तारण, जीसीएमएस पोर्टल, भूमि संपरिवर्तन, आम रास्ते, सीमाज्ञान एवं कुर्रेजात रिपोर्ट सहित विभिन्न विषयों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला कलक्टर ने संपर्क पोर्टल पर लंबित परिवादों की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रत्येक परिवादी से संपर्क कर संतुष्टिदायक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने उपखंड अधिकारियों को निर्देश दिए कि संपर्क पोर्टल के मामलों की नियमित साप्ताहिक समीक्षा करें तथा मुख्यमंत्री कार्यालय, मुख्य सचिव कार्यालय, ग्राम पंचायत, ब्लॉक एवं जिला स्तरीय जनसुनवाई से जुड़े लंबित मामलों का समय पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर बीना महावर, एसडीएम माधव भारद्वाज सहित सभी उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं अधिशासी अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


