ग्रामीण समावेशन को मिली नई पहचान, SBI ने संस्था को उत्कृष्ट कार्यों के लिए किया सम्मानित
भरतपुर। भारतीय स्टेट बैंक की वित्तीय समावेशन योजना में भरतपुर की “समृद्ध ग्राम्य अभियान” संस्था ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे राजस्थान में प्रथम स्थान हासिल किया है। संस्था के उल्लेखनीय कार्यों को देखते हुए बैंक के उपमहाप्रबंधक दिग्विजय नारायण, सहायक महाप्रबंधक राजेंद्र गुप्ता और सीनियर मैनेजर नरेंद्र कुमार शर्मा ने योजना समन्वयक नितिन शर्मा को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
संस्था के सचिव सीताराम गुप्ता ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान संस्था ने राज्य के 13 जिलों में संचालित 191 ग्राहक सेवा केंद्रों के माध्यम से करीब 533 करोड़ रुपये का लेनदेन कराया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री जनधन योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत 29 हजार 694 लाभार्थियों को जोड़ा गया।
उन्होंने बताया कि संस्था ने ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं के विस्तार, डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसी प्रभावी कार्यशैली और बेहतर प्रदर्शन के आधार पर संस्था को राजस्थान सर्किल में सर्वोच्च स्थान प्राप्त हुआ।
विभिन्न श्रेणियों में मिला सम्मान
वार्षिक समीक्षा बैठक के दौरान संस्था को कई महत्वपूर्ण श्रेणियों में सम्मानित किया गया। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में उत्कृष्ट कार्य करने पर विशेष सम्मान दिया गया। वहीं प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत अधिकतम और प्रभावी खाते खोलकर ग्रामीण नागरिकों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने में अहम योगदान के लिए भी संस्था को सराहा गया। ग्राहक सेवा केंद्रों की रैंकिंग रिपोर्ट में भी संस्था का प्रदर्शन बेहतर रहा।
ग्रामीण विकास का बना मॉडल
बैंक अधिकारियों ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद संस्था ने अनुशासन, समर्पण और कार्यकुशलता के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय जागरूकता बढ़ाने का उल्लेखनीय कार्य किया है। संस्था ग्रामीण परिवारों को डिजिटल बैंकिंग, बीमा योजनाओं और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है।
संस्था के सचिव सीताराम गुप्ता ने कहा कि यह सम्मान संस्था के सभी कार्यकर्ताओं, बैंक मित्रों और ग्रामीण परिवारों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी संस्था ग्रामीण विकास, वित्तीय जागरूकता और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का कार्य जारी रखेगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


