More
    Homeराजस्थानअलवरसमाधान शिविर की तैयारियां तेज: थानागाजी में समीक्षा बैठक, घर बैठे दर्ज...

    समाधान शिविर की तैयारियां तेज: थानागाजी में समीक्षा बैठक, घर बैठे दर्ज होंगे परिवाद

    समाधान शिविर अभियान में फ्लैगशिप योजनाओं के शत-प्रतिशत लाभ पर जोर, 22 मई से कठूमर में होगी शुरुआत

    अलवर। जिले में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे “समाधान शिविर” अभियान को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक लेकर 4 जून को थानागाजी में आयोजित होने वाले दूसरे समाधान शिविर की तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

    बैठक में जिला कलक्टर ने कहा कि जिले के प्रत्येक ब्लॉक मुख्यालय पर समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं का शत-प्रतिशत सैचुरेशन सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि इस अभियान की शुरुआत 22 मई को कठूमर में आयोजित पहले समाधान शिविर से होगी।

    डॉ. आर्तिका शुक्ला ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ब्लॉक स्तर पर लंबित राजस्व प्रकरणों, जनसुनवाई शिकायतों और विभिन्न विभागीय परिवादों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर के दिन अधिकतम पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ दिया जाए, इसके लिए विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

    बैठक में बताया गया कि जिला प्रशासन द्वारा नवाचार के रूप में गूगल फॉर्म और क्यूआर कोड आधारित व्यवस्था शुरू की गई है, जिसके माध्यम से कोई भी नागरिक घर बैठे अपनी शिकायत, समस्या या परिवाद दर्ज करा सकेगा। प्रशासन ने स्थानीय स्तर पर इस ऑनलाइन व्यवस्था के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश भी दिए हैं।

    उपखण्ड अधिकारी थानागाजी श्रीमती सविता शर्मा ने बैठक में 4 जून को थानागाजी मुख्यालय पर आयोजित होने वाले समाधान शिविर की तैयारियों को लेकर विस्तृत प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया और शिविर में की जाने वाली गतिविधियों की जानकारी दी।

    जिले में यहां लगेंगे समाधान शिविर

    • 22 मई – कठूमर
    • 4 जून – थानागाजी
    • 12 जून – रैणी
    • 25 जून – उमरैण
    • 10 जुलाई – लक्ष्मणगढ़
    • 23 जुलाई – गोविंदगढ़
    • 31 जुलाई – राजगढ़
    • 7 अगस्त – रामगढ़
    • 21 अगस्त – मालाखेड़ा

    सभी शिविर संबंधित उपखंड मुख्यालयों पर प्रातः 10 बजे से आयोजित होंगे।

    प्रशासन के अनुसार इन शिविरों में केंद्र सरकार की 11 जनकल्याणकारी योजनाओं तथा मुख्यमंत्री फ्लैगशिप योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही ई-गवर्नेंस पोर्टल्स पर लंबित मामलों के निस्तारण को भी प्राथमिकता दी जाएगी।

    बैठक में एडीएम प्रथम योगेश डागुर, नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका, एसडीएम माधव भारद्वाज, सीएमएचओ डॉ. योगेंद्र शर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

    ऑनलाइन परिवाद दर्ज करने के लिए लिंक:
    समाधान शिविर गूगल फॉर्म

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here