80 क्वार्टर इलाके में मचा हड़कंप, नगर निगम कर्मी गीता के घर में लगी भीषण आग
अलवर। शहर के 80 क्वार्टर इलाके में गुरुवार सुबह एक भीषण आगजनी की घटना ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित एक मकान में अचानक आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में आने से गरीब परिवार का पूरा आशियाना जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार मकान में रखा घरेलू सामान, कपड़े, जरूरी दस्तावेज और अन्य सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। स्थानीय लोगों ने आग की लपटें उठती देख तुरंत मौके पर पहुंचकर बाल्टियों और पाइपों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग लगातार फैलती चली गई। बाद में सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पूर्व सभापति मुकेश सागवान ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मकान के पास लगे ट्रांसफॉर्मर में शॉर्ट सर्किट होने से चिंगारियां निकलीं, जो मकान तक पहुंच गईं। देखते ही देखते पूरा घर आग की चपेट में आ गया।
बताया जा रहा है कि यह मकान गीता नामक महिला का है, जो नगर निगम में कच्चे कर्मचारी के रूप में कार्य कर अपने परिवार का पालन-पोषण करती हैं। हादसे के समय गीता ड्यूटी पर गई हुई थीं, जबकि उनका बीमार बेटा घर के अंदर मौजूद था। गनीमत रही कि समय रहते उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने जिला प्रशासन से आर्थिक सहायता और रहने की व्यवस्था की मांग की है। वहीं स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से तत्काल मदद उपलब्ध कराने की अपील की है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


