गोडावण दिवस पर वन मंत्री ने सफारी कर संरक्षण व्यवस्थाओं का लिया जायजा
जयपुर। राज्य पक्षी गोडावण के संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन एवं जैव विविधता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को जैसलमेर स्थित राष्ट्रीय मरु उद्यान में गोडावण दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने राज्य पक्षी गोडावण की प्रतिमा का अनावरण कर वन्यजीव संरक्षण के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान वन मंत्री शर्मा ने पीपल का पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित राजस्थान के लिए प्रेरित किया। वहीं जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी ने खेजड़ी का पौधा लगाकर प्रकृति संरक्षण में जनभागीदारी का आह्वान किया।
वन मंत्री ने राष्ट्रीय मरु उद्यान एवं अभयारण्य क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए डेज़र्ट नेशनल पार्क में सफारी की और गोडावण सहित अन्य वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास, संरक्षण गतिविधियों तथा प्रबंधन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संरक्षण कार्यों में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर जमीनी स्तर पर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी ली।
इस दौरान वन्यजीव प्रेमी वसना राम ने गोडावण की विशेषताओं, प्राकृतिक परिवेश, जीवनशैली तथा मरुस्थलीय क्षेत्र में पाए जाने वाले अन्य वन्यजीवों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गोडावण राजस्थान की जैव विविधता और प्राकृतिक धरोहर का महत्वपूर्ण प्रतीक है, जिसके संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
वन मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार गोडावण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दीर्घकालिक योजनाओं पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि गोडावण केवल एक पक्षी नहीं बल्कि राजस्थान की पहचान, गौरव और मरुस्थलीय पारिस्थितिकी का अभिन्न हिस्सा है।
उन्होंने वन विभाग द्वारा किए जा रहे संरक्षण कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रकृति और वन्यजीवों का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए बेहद आवश्यक है तथा इसमें आमजन की सहभागिता महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम में जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी, समाजसेवी दलपत हिंगड़ा, सवाई सिंह गोगली, डीएफओ बृजमोहन गुप्ता, वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


