पानी की समस्या से नाराज लोगों ने किया प्रदर्शन, जलदाय विभाग ने सप्लाई व्यवस्था सुधारने का दिया आश्वासन
अलवर। शहर के गायत्री मंदिर रोड स्थित सूर्य बास मोहल्ले में लंबे समय से बनी हुई पानी की समस्या को लेकर शुक्रवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज लोगों ने सड़क पर उतरकर रास्ता जाम कर दिया और जलदाय विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
स्थानीय निवासी अनीता शर्मा ने बताया कि मोहल्लेवासी काफी समय से पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं। समस्या के समाधान के लिए कई बार जलदाय विभाग के अधिकारियों से शिकायत की गई और जिला कलेक्टर को भी अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में रहने वाले अधिकांश लोग मजदूर वर्ग से जुड़े हैं और वे रोजाना टैंकर मंगवाने में सक्षम नहीं हैं। ऐसे में लोगों को पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन की सूचना पर मौके पर पहुंचे जलदाय विभाग के जेईएन हरिओम जाट ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे क्षेत्र में पानी की सप्लाई की गई थी और उन्होंने स्वयं मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण किया है।
उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के कारण पानी की खपत बढ़ गई है, जिससे सप्लाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। हालांकि विभाग की ओर से सभी क्षेत्रों में पानी पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
जेईएन हरिओम जाट ने आश्वासन दिया कि शनिवार सुबह होने वाली जलापूर्ति के दौरान वह स्वयं मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्था की निगरानी करेंगे, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


