श्रीमद्भागवत कथा से पूर्व महिलाओं ने निकाली भव्य कलश यात्रा, भजनों और नृत्य से गूंजा राजगढ़ शहर
राजगढ़। समाजसेवी एवं पूर्व पार्षद गीता देवी सैनी और उनके परिजनों की ओर से आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ से पूर्व शुक्रवार को राजगढ़ शहर में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। बैंड-बाजों, भजनों और धार्मिक उल्लास के बीच निकली इस विशाल यात्रा में महिलाओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर श्रद्धा और भक्ति का परिचय दिया।
वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ गणेश पोल स्थित रिद्धि-सिद्धि गणेश मंदिर से कलश यात्रा का शुभारंभ हुआ। कथा वाचक स्वामी अमन भारती महाराज, दिनेश, रवि, रविंद्र, पंडित अजय शर्मा तथा गायक कलाकार संजय राजस्थानी सहित अन्य श्रद्धालु इस अवसर पर मौजूद रहे।
कलश यात्रा के दौरान आकर्षक भजनों और धार्मिक प्रस्तुतियों पर महिलाओं ने उत्साहपूर्वक नृत्य किया। प्रतिकूल मौसम के बावजूद महिलाओं की भारी भागीदारी ने आयोजन को भव्यता प्रदान की। कई महिलाएं पैदल तो कई रिक्शा के माध्यम से यात्रा में शामिल होने पहुंचीं।
भव्य यात्रा गणेश मंदिर से प्रारंभ होकर अनाज मंडी, चौपड़ बाजार, गोल मार्केट और सराय बाजार से होते हुए अवधूत दत्त आश्रम स्थित कथा स्थल पहुंची। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमियों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। वहीं कई स्थानों पर शीतल पेय पदार्थों का वितरण कर लोगों ने धर्म लाभ प्राप्त किया।
अवधूत दत्त आश्रम के महंत स्वामी अमन भारती महाराज द्वारा श्रीमद्भागवत कथा प्रवचन किए जाएंगे। आयोजन में रूपा सैनी, सोनम, पूनम, नीलम, चिंकी सैनी, उमा सैनी, मृदुला शर्मा, पिंकी सैनी, पुष्पा सैनी, फूल देवी, हिमांशी सैनी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


