एक्सप्रेस-वे पर रैणी क्षेत्र में अनियंत्रित हुई स्लीपर बस, छह यात्रियों की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर
अलवर। जिले के रैणी क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। मध्यप्रदेश के श्योपुर से गोवर्धन जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक स्लीपर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार करीब 40 यात्री घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार हादसा एक्सप्रेस-वे के चैनेज 139.6 पर हुआ। बस पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और यात्रियों में अफरा-तफरी फैल गई। हादसे की सूचना मिलते ही रैणी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
थानाधिकारी बनेसिंह मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए एनएचएआई की एम्बुलेंसों की मदद से सभी घायलों को पिनान चिकित्सालय पहुंचाया। वहां डॉक्टरों द्वारा घायलों का उपचार किया जा रहा है।
चिकित्सकों के अनुसार हादसे में घायल छह यात्रियों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल अलवर रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज पिनान अस्पताल में जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस अचानक संतुलन खो बैठी, जिसके बाद वह पलट गई। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेस-वे पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक सुचारु कराया और क्षतिग्रस्त बस को सड़क किनारे हटवाया।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर चालक को नींद की झपकी आना या तेज रफ्तार हादसे की वजह मानी जा रही है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


