More
    Homeराजस्थानअलवरअलवर में बॉक्सिंग प्रतियोगिता का समापन, खिलाड़ियों का सम्मान

    अलवर में बॉक्सिंग प्रतियोगिता का समापन, खिलाड़ियों का सम्मान

    राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता के समारोह में विजेताओं को मेडल पहनाकर किया सम्मानित

    अलवर। वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने रविवार को इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित 5वीं राज्य स्तरीय सब जूनियर बालक एवं बालिका बॉक्सिंग प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।

    राज्यमंत्री संजय शर्मा ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर आयोजक मंडल को बधाई देते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा से लड़ने की क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार खेल एवं खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

    खेल से मिलती है प्रतिस्पर्धा की तैयारी, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

    वन राज्यमंत्री ने कहा कि जीवन के हर क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा होती है और खेल खिलाड़ी को शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं। उन्होंने अभिभावकों से बेटों के साथ बेटियों को भी आगे बढ़ने के अवसर देने का आह्वान किया।

    उन्होंने कहा कि केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव अलवर संसदीय क्षेत्र में खेल सुविधाओं को मजबूत करने के साथ युवाओं को मंच उपलब्ध कराने का कार्य कर रहे हैं। सांसद खेल उत्सव, अलवर टाइगर मैराथन, ई-लाइब्रेरी और खेल इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने खिलाड़ियों को अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।

    ये खिलाड़ी रहे विजेता, कई पुरस्कार भी दिए गए

    प्रतियोगिता में बालिका वर्ग में अलवर की टीम विजेता और कोटा की टीम उपविजेता रही। वहीं बालक वर्ग में भरतपुर विजेता तथा अलवर उपविजेता रहा।

    बालक वर्ग में भरतपुर के यश कुमार को बेस्ट बॉक्सर, जयपुर के वीर मृत्युंजय को बेस्ट चैलेंजर बॉक्सर और अलवर के युवराज कुमावत को बेस्ट प्रोमिजिंग बॉक्सर का पुरस्कार दिया गया।

    बालिका वर्ग में कोटा की आरिका सिंह को बेस्ट बॉक्सर, हनुमानगढ़ की प्रियांशी को बेस्ट चैलेंजर बॉक्सर और अलवर की तस्लीमा को बेस्ट प्रोमिजिंग बॉक्सर सम्मान से नवाजा गया।

    बड़ी संख्या में मौजूद रहे खिलाड़ी और खेल प्रेमी

    कार्यक्रम में जिला प्रमुख बलबीर सिंह छिल्लर, जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता, राजस्थान बॉक्सिंग एसोसिएशन के पदाधिकारी, जिला खेल अधिकारी अंजना शर्मा, जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश भार्गव सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, अभिभावक और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here