अचानक बिगड़ी तबीयत से मातम पसरा, 26 वर्षीय युवक की मौत के बाद परिवार सदमे में
अलवर। शहर के एन.ई.बी थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रीत विहार निवासी 26 वर्षीय युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार मृतक गौरव पुत्र खेमचंद प्रीत विहार का निवासी था और बिजली घर चौराहे पर मोबाइल की दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। बताया जा रहा है कि गौरव की शादी करीब सवा साल पहले ही हुई थी। अचानक हुई इस घटना से पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों ने बताया कि रविवार देर रात करीब 12 बजे गौरव की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उसे उल्टियां होने लगीं। हालत गंभीर होने पर परिवार के लोग तुरंत उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
युवक की अचानक मौत की खबर मिलते ही मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए। सूचना मिलने पर राजस्थान पुलिस की एन.ई.बी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को मोर्चरी में रखवाया।
सोमवार सुबह पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण अचानक तबीयत बिगड़ना बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


