गंगा दशहरा पर सरोवर पूजन और कलश यात्रा आयोजित, वन राज्यमंत्री बोले— जल आत्मनिर्भर राजस्थान की दिशा में बड़ा कदम
अलवर। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर राजगढ़ क्षेत्र स्थित मंगलसर बांध पर रविवार को ‘वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान’ के जिला स्तरीय कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशन में 5 जून तक चलने वाले इस अभियान का शुभारंभ वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने विधिवत सरोवर पूजन कर किया। इस दौरान कलश यात्रा निकाली गई और उपस्थित लोगों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम में प्रभारी सचिव एवं प्रमुख शासन सचिव स्वायत्त शासन विभाग रवि जैन तथा जिला कलक्टर डा. आर्तिका शुक्ला भी मौजूद रहे।
वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने प्रदेशवासियों को गंगा दशहरा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार जल संरक्षण, जल संचयन और पर्यावरण संरक्षण को लेकर गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान” केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा जनआंदोलन है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में जल की उपलब्धता सीमित है, इसलिए वर्षा जल की प्रत्येक बूंद का संरक्षण आवश्यक है। अभियान के तहत जल स्रोतों की सफाई, तालाबों एवं बांधों का संरक्षण, पौधारोपण और जल संरचनाओं के जीर्णोद्धार जैसे कार्य किए जाएंगे।
उन्होंने आमजन से पौधारोपण करने, पॉलीथीन का उपयोग कम करने और जल संरक्षण को जन-जन का संकल्प बनाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाए गए पर्यावरण संरक्षण अभियानों से देश में सकारात्मक बदलाव आया है।
प्रभारी सचिव रवि जैन ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों और ग्राम पंचायतों में यह अभियान व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी विभागों और आमजन के सहयोग से जल संरक्षण की दिशा में प्रभावी कार्य किए जाएंगे।
जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने कहा कि यह अभियान जल संरक्षण की दिशा में एक सार्थक प्रयास है। उन्होंने बताया कि जिले में राजीविका समूहों से जुड़ी 95 हजार से अधिक महिलाएं जल संरक्षण गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं और अब तक 25 हजार से अधिक छोटे जल संरचना निर्माण कार्यों में सहयोग कर चुकी हैं।
कार्यक्रम में जिला परिषद सीईओ सालुखे गौरव रवीन्द्र, एडीएम प्रथम योगेश डागुर, सीसीएफ पी. काथिरवेल, डीएफओ राजेंद्र हुड्डा, नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरुका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


