कलक्टर का 25 जून तक गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश, सभी पैरामीटर्स की अनुपालना सुनिश्चित करने पर जोर
अलवर। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनकैप) के तहत शहर में चल रहे एवं स्वीकृत कार्यों की प्रगति तथा स्वच्छ वायु सर्वेक्षण की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
वायु गुणवत्ता सुधार के लिए 4 करोड़ रुपये के कार्य प्रगतिरत
जिला कलक्टर ने एनकैप के तहत किए जा रहे कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने बताया कि शहर में वायु गुणवत्ता सुधार के उद्देश्य से सड़क निर्माण, इंटरलॉकिंग, हरित क्षेत्र विकसित करने सहित करीब 4 करोड़ रुपये के कार्य प्रगतिरत हैं। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी कार्य 25 जून तक गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराए जाएं।
स्वच्छ वायु सर्वेक्षण के डाटा अपडेट करने के निर्देश
बैठक में 2026-27 के वार्षिक प्लान पर भी चर्चा की गई। जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वायु सर्वेक्षण के लिए निर्धारित सभी पैरामीटर्स पर प्रभावी कार्य किया जाए तथा संबंधित विभाग सभी प्रकार के डाटा को समय पर पोर्टल पर अपडेट करना सुनिश्चित करें।
सीएंडडी अपशिष्ट प्रबंधन के लिए बनेगी व्यवस्थित प्रणाली
जिला कलक्टर ने शहर में सीएंडडी (कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन) अपशिष्ट के संग्रहण और उसके वैज्ञानिक निस्तारण के लिए सुव्यवस्थित प्रणाली विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीएंडडी अपशिष्ट प्रबंधन नियमों की प्रभावी पालना सुनिश्चित की जाए तथा जून माह में विशेष अभियान चलाकर जागरूकता और कार्रवाई दोनों सुनिश्चित की जाए।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में यूआईटी उपसचिव जितेंद्र सिंह नरूका, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता भूरी सिंह, डीटीओ श्रीमती सविता भारद्वाज, डीएसओ विनोद जुनेजा, एनकैप एक्सपर्ट योगेश पूनिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


