जयपुर। अजमेर जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित 15 दिवसीय समर क्रिकेट कैंप का शुक्रवार को अजमेर के चंद्रवरदाई मैदान में शानदार समापन हुआ। इस समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) वासुदेव देवनानी शामिल हुए। उन्होंने न सिर्फ युवा खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई की, बल्कि नेट प्रैक्टिस के दौरान खुद बल्ले से शॉट भी आजमाए। साथ ही उन्होंने कैंप में उपलब्ध आधुनिक बॉलिंग मशीन और एस्ट्रोटर्फ जैसी सुविधाओं का जायजा लिया।
उत्कृष्ट खिलाड़ी बनने के लिए कड़ी मेहनत और अनुशासन जरूरी
समारोह को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि आज के युवा खिलाड़ी ही देश और राज्य के भविष्य के उभरते सितारे हैं। खिलाड़ी बनने की इच्छा तो बहुत से युवाओं में होती है, लेकिन एक बेहतरीन खिलाड़ी बनने के लिए कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगातार अभ्यास की जरूरत होती है। उन्होंने आईपीएल का उदाहरण देते हुए कहा कि क्रिकेट युवाओं में नई ऊर्जा और रोमांच भरता है। देवनानी ने खिलाड़ियों को तकनीक और रणनीति (Observation) पर ध्यान देने की सलाह दी कि गेंदबाज को स्विंग-स्पिन और बल्लेबाज को हालात के हिसाब से शॉट चयन की समझ होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि देश में साधारण परिवारों से निकलकर कई खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है, क्योंकि भाग्य भी उसी का साथ देता है जो मेहनत करता है।
क्रिकेट में बेटियां भी लहरा रही हैं परचम
स्पीकर देवनानी ने जिला क्रिकेट संघ के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि महिला और पुरुष दोनों वर्ग के खिलाड़ियों को ऐसा मंच देना तारीफ के काबिल है। आज बेटियां भी क्रिकेट के मैदान में अपना परचम लहरा रही हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए पर्याप्त खेल मैदान, अकादमियां और जरूरी संसाधन उपलब्ध हैं, जिनका लाभ उठाकर युवाओं को देश का नाम रोशन करना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने प्रतिभावान खिलाड़ियों को सर्टिफिकेट और पुरस्कार बांटे। साथ ही पिछले सत्र में राजस्थान टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।
क्वालीफाइड कोचों ने सिखाए क्रिकेट के गुर
क्रिकेट संघ के सचिव गोविंद उपाध्याय और कोषाध्यक्ष अनीश मोयाल ने बताया कि इस 15 दिवसीय ग्रीष्मकालीन शिविर में अंडर-14, Under-16 और Under-19 आयु वर्ग के लगभग 90 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इन सभी को राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने के मकसद से प्रशिक्षित किया गया है। कैंप में क्वालिफाइड कोचों द्वारा एस्ट्रोटर्फ और सॉइल पिच पर आधुनिक तकनीकों के साथ ट्रेनिंग दी गई और डेटा आधारित चयन प्रक्रिया से खिलाड़ियों का मूल्यांकन किया गया। इस अवसर पर खेल अधिकारी रामनिवास चौधरी, संघ के अध्यक्ष मनीष शर्मा सहित कई खेल प्रेमी और अभिभावक मौजूद रहे।


