पहली बार अलवर में विष्णु महापुराण कथा, महाप्रसादी और तुलसी यात्रा से बढ़ेगा आकर्षण
अलवर। धर्मनगरी अलवर में श्रद्धा, भक्ति और सनातन संस्कृति का भव्य संगम देखने को मिलेगा। वेंकटेश बालाजी दिव्यधाम मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में 30 मई से 5 जून तक सात दिवसीय विष्णु महापुराण कथा का आयोजन किया जाएगा। शहर में पहली बार आयोजित हो रही इस कथा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह बना हुआ है।
कथा के दौरान भगवान विष्णु की महिमा, धर्म, नीति और मानव जीवन से जुड़े प्रेरणादायक प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार कथा स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि भक्त पूरे श्रद्धाभाव के साथ कार्यक्रम में शामिल हो सकें।
इस आयोजन की विशेष आकर्षण ‘तुलसी यात्रा’ और महाप्रसादी रहेगी। छत्तीसगढ़ से आए आदिवासी श्रद्धालु स्वयं महाप्रसादी तैयार कर भक्तों को वितरित करेंगे। वहीं पुरुषोत्तम मास के अवसर पर भगवान विष्णु की प्रिय तुलसी माता की भव्य यात्रा निकाली जाएगी, जो श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र बनेगी।
कथा वाचक सुदर्शनाचार्य महाराज ने बताया कि अलवर में इस स्वरूप की विष्णु महापुराण कथा पहली बार आयोजित की जा रही है। कथा के दौरान विशेष पूजन-अर्चन, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का भी आयोजन होगा। श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश निशुल्क रखा गया है।
आयोजन समिति ने शहर एवं आसपास के धर्मप्रेमी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण कर धर्म लाभ अर्जित करने का आह्वान किया है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


