मनाली घूमने गया परिवार, पीछे से चोरी की वारदात से मचा हड़कंप
अलवर। शहर के वैशाली नगर थाना क्षेत्र स्थित दयानंद नगर में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। परिवार के मनाली घूमने जाने का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाश घर के ताले तोड़कर नकदी, जेवर और लैपटॉप सहित कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
पीड़िता संगीता ने बताया कि उनका परिवार 24 मई को मनाली घूमने गया था। इस दौरान मकान बंद पड़ा था। इसी का फायदा उठाते हुए चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और पूरे घर को खंगाल डाला।
उन्होंने बताया कि 30 मई को जब परिवार वापस लौटा तो घर के मुख्य दरवाजे के ताले टूटे हुए मिले और कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। घर की जांच करने पर करीब दो लाख रुपये नकद, सोने की अंगूठी, सोने की चेन, एक लैपटॉप तथा गुल्लक में जमा लगभग 10 से 15 हजार रुपये गायब मिले।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई वारदात
पीड़िता के अनुसार चोरी की घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे रहा है, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलने पर वैशाली नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई तथा तकनीकी साक्ष्य एकत्रित किए।
पुलिस जांच में जुटी
पीड़ित परिवार ने वैशाली नगर थाने में शिकायत दर्ज करवा दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी हुई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है तथा जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


