पत्नी को लेने जा रहा था युवक, डंपर की टक्कर के बाद सड़क हादसे में गंभीर चोटें आईं
अलवर। जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार शाम टप्पूकड़ा क्षेत्र के पास एक तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घायल युवक की मां गीता ने बताया कि उनका बेटा सुमित चिकानी अपनी पत्नी को लेने के लिए घर से भिवाड़ी के समीप स्थित पडेनी गांव जा रहा था। इसी दौरान टप्पूकड़ा के पास पीछे से आए एक तेज रफ्तार डंपर ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुमित सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल सहायता पहुंचाई और 108 एंबुलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को प्राथमिक उपचार देते हुए अलवर जिला अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
परिजनों के अनुसार हादसे में सुमित के सिर पर गंभीर चोट लगी है। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। वहीं पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाकर जांच शुरू कर दी है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


