मुंबई। मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े और महानगरपालिका के कार्यालय को एक धमकी भरा ईमेल मिला है, जिसमें बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन और मशहूर गायक दिलजीत दोसांझ का भी जिक्र किया गया है। इस ईमेल के सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है।
बम धमाकों और हमलों की चेतावनी
23 अक्टूबर को सुबह 11:31 बजे भेजे गए इस मेल में कई जगहों को निशाना बनाने की बात कही गई है। इसमें मुंबई मेयर कार्यालय में रात 3:11 बजे धमाका करने, 31 अक्टूबर को एक स्कूल में ग्रेनेड हमला करने और 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स में होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में बम धमाका करने की धमकी दी गई है। इसके साथ ही, ईमेल में खालिस्तान समर्थक नारों का भी उल्लेख किया गया है।
पुलिस जांच में नहीं मिला कुछ संदिग्ध
डीसीपी मनीष कलवानिया ने जानकारी दी है कि बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) को मिले इस धमकी भरे ईमेल के बाद पुलिस और सुरक्षा बलों ने तुरंत जांच शुरू कर दी। हालांकि, जांच के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया है। इसके अलावा, दादर के कुछ स्कूलों को भी इसी तरह की धमकियां मिलने की बात सामने आई है, जिसकी गहनता से छानबीन की जा रही है।


