किसानों के हितों की मांग उठाई, भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति ने मुख्यमंत्री के नाम दिया ज्ञापन
अलवर। किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सोमवार को भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति के पदाधिकारी एवं किसान मिनी सचिवालय पहुंचे। यहां उन्होंने राजस्थान के मुख्यमंत्री के नाम प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
जिला प्रभारी सुरेन्द्र सिंह चौधरी ने बताया कि प्रदेश के किसान लंबे समय से कई गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के कारण किसानों और पशुओं के लिए पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है तथा कई क्षेत्रों में पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है।
ज्ञापन में किसानों ने अलवर अनाज मंडी स्थित किसान भवन को तत्काल खाली कराने की मांग उठाई। किसानों का कहना है कि यह भवन किसानों के ठहरने और उनकी सुविधाओं के लिए बनाया गया था, लेकिन वर्तमान में इसे किराये पर दे रखा गया है, जिससे किसानों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
किसानों ने आवारा पशुओं की बढ़ती समस्या पर भी चिंता जताई। उन्होंने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की तर्ज पर एएसएफ (एनिमल सिक्योरिटी फोर्स) के गठन की मांग करते हुए कहा कि आवारा पशुओं के कारण फसलों को लगातार नुकसान पहुंच रहा है और किसानों को आर्थिक हानि उठानी पड़ रही है।
ज्ञापन में यह मांग भी की गई कि राजस्थान में उत्पादित प्रमुख फसलें जैसे गेहूं, चना, सरसों, मूंगफली सहित अन्य कृषि उपज की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर पूर्ण रूप से सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके।
इसके अलावा ग्राम पंचायत लेखांवाल क्षेत्र से जुड़ी भूमि संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी गई। संगठन का कहना है कि इन समस्याओं के कारण स्थानीय किसानों को लंबे समय से परेशानी झेलनी पड़ रही है।
सुरेन्द्र सिंह चौधरी ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आगामी दिनों में बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान और संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


