अलवर में साइबर अभियान के तहत 90 आरोपी गिरफ्तार, 107 मामले दर्ज
अलवर। पुलिस ने साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ऑपरेशन म्यूल हंटर एवं साइबर संग्राम अभियान 2.0 के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 90 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। अभियान के दौरान जिलेभर में 107 प्रकरण दर्ज किए गए, जबकि 10 बाल अपचारियों को भी निरुद्ध किया गया।
पुलिस अधीक्षक आईपीएस सुधीर चौधरी ने बताया कि 1 अप्रैल 2026 से 30 मई 2026 तक ऑनलाइन ठगी, सेक्सटॉर्शन, ओएलएक्स फ्रॉड, म्यूल अकाउंट, फर्जी एटीएम और फर्जी सिम से जुड़े अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया।
साइबर अपराधियों से बड़ी मात्रा में सामान बरामद
अभियान के दौरान पुलिस ने 80 मोबाइल फोन, 91 सिम कार्ड, 3 पासबुक, 1 चेकबुक, 5 एटीएम कार्ड, 1 मोटरसाइकिल तथा 10 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि इन संसाधनों का उपयोग विभिन्न प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर अपराधों में किया जा रहा था।
पुलिस ने बरामद सामग्री के आधार पर कई अन्य मामलों की जांच भी शुरू कर दी है।
म्यूल अकाउंट मामलों में सबसे बड़ी कार्रवाई
एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि म्यूल अकाउंट से जुड़े मामलों में 1530 संदिग्ध खाताधारकों की जांच की गई। जांच के आधार पर 81 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 65 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा 1 बाल अपचारी को निरुद्ध किया गया।
इसके अलावा प्रतिबिंब पोर्टल एवं हॉटस्पॉट आधारित कार्रवाई के तहत 21 मामलों में 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 9 बाल अपचारियों को निरुद्ध किया गया।
अन्य राज्यों की पुलिस को भी सौंपे आरोपी
पुलिस ने चेक विड्रॉल हॉटस्पॉट से जुड़े 2 मामलों में 1 आरोपी तथा एटीएम विड्रॉल हॉटस्पॉट से जुड़े 3 मामलों में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
अलवर पुलिस ने विभिन्न राज्यों में वांछित 7 साइबर अपराधियों को दस्तयाब कर संबंधित राज्यों की पुलिस को भी सौंपा है। इनमें दिल्ली, मध्यप्रदेश, मेघालय और गुजरात की पुलिस शामिल है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए स्कूलों, कॉलेजों, सार्वजनिक स्थलों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।
उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी, साइबर फ्रॉड या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930, साइबर क्राइम पोर्टल, पुलिस हेल्पलाइन या निकटतम थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


