ग्रामे-ग्रामे यज्ञ अभियान के तहत खेड़ा मैदा में होगा अगला पंचकुंडी आयोजन
कठूमर। अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में माता भगवती देवी जन्म शताब्दी समारोह वर्ष के उपलक्ष्य में संचालित ‘ग्रामे-ग्रामे पंचकुंडी गायत्री यज्ञ अभियान’ के तहत कठूमर तहसील के शेखपुरा गांव स्थित बड़े मंदिर में द्वितीय पंचकुंडी गायत्री महायज्ञ का आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ।
प्रातः 9 बजे प्रारंभ हुए पंचकुंडी महायज्ञ में वेद मंत्रों के उच्चारण के साथ यज्ञीय अनुष्ठान सम्पन्न कराए गए। कार्यक्रम के दौरान 3 पुंसवन संस्कार एवं 5 गुरुदीक्षा संस्कार भी संपन्न कराए गए, जिनमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
यज्ञाचार्य भगवानसिंह डागुर, मोहनलाल शर्मा एवं नरेश कुमार ने वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार पंचकुंडी यज्ञ संपन्न कराते हुए श्रद्धालुओं को आहुतियां दिलवाईं। वहीं सहाचार्य के रूप में चौधरी चरणसिंह, सुभाषचंद एवं प्रह्लाद भगत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इससे पूर्व 1 जून की सायं 7 बजे गांव में भव्य संगीतमय दीपयज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामवासियों ने भाग लेकर वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया। दीपयज्ञ के माध्यम से नैतिकता, संस्कार और सामाजिक जागरूकता का संदेश भी दिया गया।
खेड़ा मैदा में होगा अभियान का तीसरा आयोजन
गायत्री परिवार के पदाधिकारियों ने बताया कि अभियान के अंतर्गत तीसरा पंचकुंडी यज्ञीय कार्यक्रम कठूमर तहसील के खेड़ा मैदा गांव में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत शाम 7 बजे संगीतमय दीपयज्ञ से होगी, जिसके बाद विभिन्न धार्मिक एवं संस्कारमूलक गतिविधियां संपन्न कराई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि माता भगवती देवी जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर ‘घर-घर यज्ञ, घर-घर संस्कार’ के संकल्प के साथ यह अभियान संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य समाज में नैतिक मूल्यों, पारिवारिक संस्कारों और आध्यात्मिक चेतना का विस्तार करना है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


