काली बाई भील उड़ान योजना के तहत कुम्हेर क्षेत्र में किया जा रहा निःशुल्क वितरण
डीग (कुम्हेर)। राजस्थान सरकार की महत्वाकांक्षी काली बाई भील उड़ान योजना के अंतर्गत बाल विकास परियोजना कुम्हेर क्षेत्र में पात्र किशोरियों एवं महिलाओं को निःशुल्क सैनिटरी नैपकिन वितरित किए जा रहे हैं। योजना के तहत 11 से 45 वर्ष आयु वर्ग की किशोरी बालिकाओं और महिलाओं को लाभान्वित किया जा रहा है, लेकिन इसके लिए राजसिम्स पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है।
महिलाओं एवं किशोरी बालिकाओं के स्वास्थ्य, माहवारी प्रबंधन और व्यक्तिगत स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित इस योजना के माध्यम से विशेष रूप से उन किशोरियों को लाभ दिया जा रहा है जो किसी सरकारी विद्यालय अथवा महाविद्यालय में अध्ययनरत नहीं हैं। योजना का उद्देश्य माहवारी के दौरान स्वच्छता संबंधी जागरूकता बढ़ाना तथा महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य संरक्षण को सुनिश्चित करना है।
इसी क्रम में कार्यवाहक उपनिदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग डीग इंदू सक्सैना तथा बाल विकास परियोजना अधिकारी कुम्हेर महेन्द्र अवस्थी ने विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर सैनिटरी नैपकिन वितरण कार्यक्रम का अवलोकन किया। उन्होंने लाभार्थी महिलाओं एवं किशोरियों से संवाद कर योजना की प्रगति की जानकारी भी ली।
इस अवसर पर इंदू सक्सैना ने कहा कि काली बाई भील उड़ान योजना महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य, स्वाभिमान और सशक्तिकरण से जुड़ी एक महत्वपूर्ण पहल है। योजना के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को निःशुल्क सैनिटरी नैपकिन उपलब्ध कराए जा रहे हैं तथा माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र महिला एवं किशोरी तक योजना का लाभ पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है।
बाल विकास परियोजना अधिकारी महेन्द्र अवस्थी ने बताया कि उड़ान योजना के अंतर्गत सैनिटरी नैपकिन वितरण और उसका विवरण आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा राजसिम्स पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा। इसके लिए लाभार्थियों का पंजीकरण आवश्यक है। पात्र किशोरियां एवं महिलाएं अपने निकटतम आंगनवाड़ी केंद्र पर जन आधार कार्ड और उससे जुड़े पंजीकृत मोबाइल नंबर के साथ संपर्क कर पंजीकरण करा सकती हैं।
उन्होंने सभी पात्र महिलाओं और किशोरियों से अपील की कि वे समय पर अपना पंजीकरण अवश्य कराएं ताकि उन्हें नियमित रूप से योजना का लाभ मिल सके तथा माहवारी प्रबंधन के लिए आवश्यक स्वच्छता सामग्री समय पर उपलब्ध हो सके।
कार्यक्रम के दौरान महिला पर्यवेक्षक संगीता कलवानिया, शैलजा शर्मा एवं अनीता कुमारी सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता बबलेश, पिंकी, रिंकी, योगेश तथा बड़ी संख्या में महिलाएं और लाभार्थी उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


