जल संरक्षण मुहिम के साथ ट्रांसफार्मरों के आसपास चलाया गया साफ-सफाई अभियान
अलवर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा संचालित वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान के तहत मंगलवार को अलवर जिलेभर में जल संरक्षण एवं संचयन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान के माध्यम से आमजन को जल संरक्षण की मुहिम से जुड़ने और भूजल स्तर बढ़ाने के प्रयासों में भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।
जिला परिषद के अधिशासी अभियंता (नरेगा) नरेंद्र सिंह लाखीवाल ने बताया कि जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसके तहत परंपरागत एवं आधुनिक जल संरक्षण संरचनाओं के संरक्षण और विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत टांके, बावड़ी, जोहड़, कुएं और तालाब जैसी पारंपरिक जल संरक्षण संरचनाओं की साफ-सफाई एवं जीर्णोद्धार के कार्य किए जा रहे हैं। इसके साथ ही रूफटॉप वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, अमृत सरोवर, मैजिक पिट, सोख्ता गड्ढा और रिचार्ज शॉफ्ट जैसी आधुनिक संरचनाओं के निर्माण के माध्यम से जल संरक्षण एवं संचयन को बढ़ावा दिया जा रहा है।
अधिशासी अभियंता ने बताया कि सरकार के प्रयासों के साथ-साथ आमजन, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं सामाजिक संगठनों की भागीदारी से भी जल संरक्षण संबंधी संरचनाओं का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे जल संकट के स्थायी समाधान की दिशा में सकारात्मक परिणाम प्राप्त हो सकें।
जिलेभर में ट्रांसफार्मरों के आसपास चला साफ-सफाई अभियान
वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (जेडीवीवीएनएल) के अलवर वृत्त क्षेत्र के सभी उपखंडों में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान जिले में चिन्हित 143 ट्रांसफार्मरों के आसपास अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा व्यापक सफाई कार्य किया गया।
अभियान के तहत ट्रांसफार्मरों के आसपास उगी झाड़ियों की कटाई, पेड़ों की छंटाई, कचरा निस्तारण तथा साफ-सफाई का कार्य किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इससे विद्युत आपूर्ति व्यवस्था अधिक सुरक्षित और सुचारु बनेगी, साथ ही आगजनी जैसी संभावित घटनाओं की रोकथाम में भी मदद मिलेगी।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने आमजन से भी जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों में सक्रिय सहयोग देने की अपील की, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


