युवाओं ने साइकिल रैली के माध्यम से स्वास्थ्य और फिटनेस का दिया संदेश
अलवर। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर बुधवार को टीम अलवर पेडल्स एवं अलवर जिला साइकिल विक्रेता एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में शहर में साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
टीम अलवर पेडल्स की ओर से भुवनेश ने बताया कि साइकिल रैली का शुभारंभ घंटाघर स्थित पुरानी तहसील परिसर से किया गया। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए मोती डूंगरी पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने साइकिलिंग के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया।
रैली का नेतृत्व राकेश कुमार ने किया। इस दौरान युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और उन्होंने नियमित साइकिलिंग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रेरित अरोरा, खुशी, यश, मायांशु, इकरा, हेमंत भरतवाल, दीपेश, अमित सिंघल, जसविंदर सिंह, मुकेश सैनी, प्रीतम, संजीव, हर्षित और आकाश सहित अन्य प्रतिभागियों ने साइकिल स्टंट का प्रदर्शन कर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। युवाओं के प्रदर्शन को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
आयोजकों ने बताया कि साइकिलिंग न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है, बल्कि प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर आयोजित इस रैली का उद्देश्य युवाओं और आमजन को साइकिल के नियमित उपयोग के प्रति प्रेरित करना था।
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने फिट इंडिया, स्वस्थ भारत और स्वच्छ पर्यावरण जैसे संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया। आयोजन के अंत में सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


