More
    Homeराजस्थानअलवरमानसून सफाई विशेष अभियान अलवर में 5 जून से शुरू होगा

    मानसून सफाई विशेष अभियान अलवर में 5 जून से शुरू होगा

    मानसून पूर्व तैयारियों को लेकर नालों-नालियों की सफाई पर रहेगा विशेष फोकस

    अलवर। मानसून आगमन से पूर्व जलभराव और जल निकासी संबंधी समस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में जिले में 5 जून से 20 जून 2026 तक 15 दिवसीय ‘मानसून सफाई विशेष अभियान’ संचालित किया जाएगा।

    जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि अभियान के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। अभियान के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट द्वितीय संपूर्ण पर्यवेक्षण करेंगे। जिला स्तर पर नगर निगम आयुक्त को नोडल अधिकारी तथा उपखंड स्तर पर सभी उपखंड अधिकारियों को नोडल अधिकारी एवं संबंधित अधिशासी अधिकारियों को सह-नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

    नालों और जल निकासी मार्गों की होगी पहचान

    जिला कलक्टर ने निर्देश दिए हैं कि अभियान शुरू होने से पहले प्रभावी प्री-सर्वे (प्रारंभिक सर्वेक्षण) किया जाए। इसके तहत जिले के सभी नालों, नालियों तथा जल निकासी मार्गों की पहचान कर उनकी स्थिति का आकलन किया जाएगा।

    उन्होंने कहा कि मानसून से पूर्व सभी नालों, नालियों एवं जल निकासी के रास्तों की बड़े स्तर पर सफाई सुनिश्चित की जाए ताकि वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो और पानी का सुचारु निकास हो सके।

    हरियालो राजस्थान अभियान की भी होगी तैयारी

    अभियान के दौरान शहरी क्षेत्रों में हरियालो राजस्थान अभियान के तहत पौधारोपण के लिए गड्ढे खोदने की अग्रिम तैयारी भी की जाएगी। इससे मानसून के दौरान पौधारोपण कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जा सकेगा।

    प्रत्येक वार्ड में होगी निगरानी

    जिला कलक्टर ने नगर निगम आयुक्त एवं सभी नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रत्येक वार्ड के लिए प्रभारी नियुक्त किए जाएं। प्रभारी अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर सफाई के लिए चिन्हित नालों एवं नालियों की संख्या सुनिश्चित की जाए तथा कार्यों की नियमित निगरानी रखी जाए।

    प्रशासन का उद्देश्य मानसून से पहले सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ कर जल निकासी तंत्र को बेहतर बनाना है, ताकि आमजन को बारिश के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here