More
    Homeदेशमानसून आज शाम तक केरल पहुंच सकता है, मौसम विभाग का अनुमान

    मानसून आज शाम तक केरल पहुंच सकता है, मौसम विभाग का अनुमान

    तिरुवनंतपुरम। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने एक बड़ी और राहत भरी खबर देते हुए दावा किया है कि मानसून आज शाम 7 से 8 बजे के बीच केरल (केरलम) में दस्तक दे सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह से अनुकूल होती जा रही हैं। केरल के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों तमिलनाडु और कर्नाटक के भी कुछ इलाकों में अगले 7 दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है।

    तय समय से 9 दिन की देरी से पहुंच रहा मानसून

    मौसम विभाग ने पहले अनुमान जताया था कि मानसून 26 मई को ही केरल पहुंच जाएगा, लेकिन यह अपनी इस संभावित तारीख से करीब 9 दिन लेट हो गया है। वैसे आमतौर पर भारत में मानसून के पहुंचने की सामान्य तारीख 1 जून मानी जाती है और यहां दस्तक देने के बाद यह अगले करीब डेढ़ महीने (45 दिन) के भीतर पूरे देश को अपनी आगोश में ले लेता है।

    मध्य प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली समेत कई राज्यों में प्री-मानसून का अलर्ट

    दूसरी तरफ, देश के मैदानी और मध्य भागों में मानसून के आने से पहले ही प्री-मानसून गतिविधियां तेजी से चल रही हैं। इस समय राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में मौसम बदला हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि इन राज्यों में 'क्यूम्युलोनिम्बस क्लाउड्स' (विशेष प्रकार के बादल) एक्टिव हैं, जिसकी वजह से 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की पूरी संभावना है।

    क्या होते हैं क्यूम्युलोनिम्बस क्लाउड्स?

    मौसम विज्ञान में क्यूम्युलोनिम्बस क्लाउड्स या सीबी (CB) बादलों को मौसम का असली 'पावरहाउस' माना जाता है। ये बहुत भारी और घने बादल होते हैं, जो आसमान में काफी ऊंचाई तक फैल जाते हैं। देश में अचानक आने वाले तेज अंधड़, कड़कड़ाती बिजली और भारी गरज-चमक के साथ आने वाले भीषण तूफानों के पीछे मुख्य रूप से यही बादल जिम्मेदार होते हैं।

    कई राज्यों में अब भी 40 डिग्री से ऊपर बना हुआ है पारा

    भले ही मानसून दरवाजे पर खड़ा है और कई राज्यों में आंधी-पानी का दौर जारी है, लेकिन देश के एक बड़े हिस्से में अब भी भीषण गर्मी से राहत नहीं मिली है। वर्तमान में गुजरात, पश्चिमी राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और तमिलनाडु के कई शहरों में सूरज की तपिश बरकरार है और वहां का अधिकतम तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here