भव्य मंगल प्रवेश के साथ जैनाचार्य ससंघ पहुंचे जैन भवन, श्रद्धालुओं ने किया पाद प्रक्षालन
अलवर। दिगम्बर जैनाचार्य ज्ञानभूषण महाराज ससंघ का गुरुवार सुबह अलवर के स्कीम नंबर-10 स्थित जैन भवन में भव्य मंगल प्रवेश हुआ। श्रद्धालुओं ने जयकारों, भजनों और जिनेन्द्र भक्ति के साथ आचार्य संघ की अगवानी की तथा पाद प्रक्षालन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
जैनाचार्य ज्ञानभूषण महाराज ससंघ ने सुबह शिवाजी पार्क स्थित श्री संभवनाथ दिगम्बर जैन मंदिर से विहार प्रारंभ किया। वहां से भव्य जुलूस के रूप में आचार्य संघ को स्कीम नंबर-10 स्थित श्री दिगम्बर पार्श्वनाथ चौबीसी मंदिर लाया गया। मार्गभर श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए और जयकारे लगाते हुए धर्ममय वातावरण का निर्माण करते रहे।
जैन भवन पहुंचने पर समाज के पदाधिकारियों, श्रेष्ठीजनों एवं श्रद्धालुओं ने आचार्य श्री का स्वागत किया। इस अवसर पर आयोजित धर्मसभा में जैनाचार्य ज्ञानभूषण महाराज ने मंगल प्रवचन देते हुए कहा कि यदि मनुष्य अपने जीवन को सुखमय और सार्थक बनाना चाहता है तो उसे मान-सम्मान की अपेक्षा छोड़कर धर्म के मार्ग पर चलना चाहिए। धर्म ही वर्तमान जीवन को श्रेष्ठ बनाता है और आने वाले भव का भी कल्याण करता है।
जैनाचार्य ने कहा कि अहिंसा का मार्ग मानव जीवन का सर्वोच्च मार्ग है। अहिंसा के सिद्धांतों का पालन कर व्यक्ति न केवल स्वयं की रक्षा कर सकता है, बल्कि मूक प्राणियों के जीवन की रक्षा भी कर सकता है। यही सच्चे धर्म का स्वरूप है।
आचार्य श्री ने कहा कि मनुष्य को कभी किसी के अहित का विचार भी नहीं करना चाहिए, क्योंकि किसी का बुरा सोचने मात्र से भी पापकर्म का बंध होता है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से सद्भाव, करुणा और धर्ममय जीवन अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मुनि संघ अध्यक्ष अंकित जैन अग्रवाल, अग्रवाल दिगंबर जैन समाज के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक जैन, उपाध्यक्ष अशोक जैन शालीमार, श्री मुनिसुव्रतनाथ दिगंबर जैन मंदिर सूर्यनगर के अध्यक्ष अशोक जैन अगोनिज, श्री संभवनाथ दिगंबर जैन मंदिर शिवाजी पार्क के अध्यक्ष घनश्याम जैन, शालीमार मंदिर से मुकेश जैन सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
अग्रवाल दिगंबर जैन समाज के मंत्री कैलाश चंद जैन ने बताया कि शुक्रवार को आचार्य श्री के सानिध्य में श्री पद्म प्रभु दिगंबर जैन मंदिर, बलजी राठौड़ की गली में प्रवचन कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिसमें श्रद्धालु धर्म लाभ प्राप्त करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान जैन समाज के श्रेष्ठीजनों द्वारा आचार्य श्री को श्रीफल भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया गया। मंगल प्रवेश कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया और धर्म लाभ अर्जित किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


