अखैपुरा क्षेत्र में धर्म परिवर्तन पर विहिप कार्यकर्ताओं का विरोध, जांच में जुटी पुलिस
अलवर। शहर के अखैपुरा थाना क्षेत्र स्थित तवर कॉलोनी में गुरुवार को कथित धर्म परिवर्तन की सूचना मिलने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलते ही विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए तथा विरोध प्रदर्शन किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संयोजक प्रेम सिंह राजावत ने आरोप लगाया कि तवर कॉलोनी स्थित एक मकान में प्रार्थना सभा की आड़ में धर्म परिवर्तन की गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। उन्होंने कहा कि संगठन को सूचना मिली थी कि दिल्ली से आया एक पादरी कुछ लोगों को एकत्रित कर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित कर रहा है तथा उन्हें धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहा है।
सूचना मिलने पर विहिप कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और कार्यक्रम को लेकर सवाल-जवाब शुरू किए। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों और कार्यकर्ताओं के बीच बहस भी हुई। कार्यकर्ताओं ने एक व्यक्ति को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
कुछ देर बाद अखैपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा संबंधित व्यक्ति को पूछताछ के लिए अपने साथ थाने ले गई। पुलिस ने मकान मालिक को भी पूछताछ के लिए बुलाया है। घटना की जानकारी फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और सभी तथ्यों को खंगाला जा रहा है। अभी तक धर्म परिवर्तन के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। जांच के दौरान कार्यक्रम में शामिल लोगों, आयोजकों और मकान मालिक से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वहां केवल धार्मिक प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही थी या धर्म परिवर्तन से जुड़ी कोई गतिविधि संचालित हो रही थी। फिलहाल पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


