जल संरक्षण के संदेश संग जागरूकता, ग्रामीणों ने लिया संरक्षण का संकल्प
खैरथल-तिजारा। राज्य सरकार के ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ के अंतर्गत जलग्रहण विकास एवं भू संरक्षण विभाग द्वारा पंचायत समिति तिजारा एवं कोटकासिम क्षेत्र में जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने के उद्देश्य से विभिन्न जन-जागरूकता एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों तथा महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जल बचाने का संकल्प लिया।
पंचायत समिति तिजारा के ग्राम ग्वालदा एवं इंदौर में कलश यात्राएं, प्रभात फेरियां तथा सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) गतिविधियों के माध्यम से जल संरक्षण का संदेश आमजन तक पहुंचाया गया। इसके साथ ही वृक्षारोपण को बढ़ावा देने के लिए अग्रिम मृदा कार्य (एडवांस सॉइल वर्क) भी पूर्ण किए गए।
जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए स्थानीय नागरिकों ने श्रमदान कर उल्लेखनीय योगदान दिया। ग्राम इंदौर (तिजारा) में एनीकट निर्माण कार्य तथा पंचायत समिति कोटकासिम के ग्राम खैराल स्थित तालाब पर ग्रामीणों ने सामूहिक श्रमदान कर जल संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।
इस अवसर पर सहायक अभियंता भारत भूषण ने विभाग द्वारा पूर्ण किए गए विभिन्न जल संरक्षण कार्यों का जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों को अवलोकन करवाया। उन्होंने जल संचयन संरचनाओं की उपयोगिता और महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए वर्षा जल के अधिकतम संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में सरपंच सोनिया, कनिष्ठ अभियंता राहुल चौधरी एवं राकेश शर्मा, ग्राम सचिव गिर्राज, सुनील गौतम, सुनीता देवी सहित राजीविका समूह की महिलाओं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। सभी ने जल संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाने और प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


