अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर इंदिरा गांधी स्टेडियम में होगा जिला स्तरीय आयोजन, ब्लॉक स्तर पर भी होंगे कार्यक्रम
अलवर। आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला कलक्टर द्वितीय श्रीमती बीना महावर ने की। इस दौरान जिला एवं ब्लॉक स्तर पर आयोजित होने वाले योग कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अतिरिक्त जिला कलक्टर ने बताया कि जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम 21 जून को प्रातः 7 बजे से 8 बजे तक इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही जिले के विभिन्न ब्लॉकों एवं अन्य स्थानों पर भी योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सभी विभागों को समयबद्ध रूप से तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में निर्देशित किया गया कि जिला एवं ब्लॉक स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों के लिए विभागीय योग प्रशिक्षकों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के योग प्रशिक्षकों का चयन कर उनकी सूची शीघ्र उपलब्ध कराई जाए।
सीएमएचओ को निर्देश दिए गए कि योग दिवस के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए फ्लेक्स, बैनर एवं विभिन्न आईईसी गतिविधियों का आयोजन किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग कार्यक्रम में भागीदारी कर सकें। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर मेडिकल टीम एवं एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
यूआईटी के अधीक्षण अभियंता को स्टेज निर्माण, ध्वनि व्यवस्था, एलईडी स्क्रीन, प्रकाश व्यवस्था एवं जनरेटर की व्यवस्था समय पर सुनिश्चित करने को कहा गया। नगर निगम को कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय, डस्टबीन एवं अग्निशमन वाहन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस विभाग को यातायात एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग को ग्राम स्तर तक योग दिवस का प्रचार-प्रसार करने तथा जिला परिषद को पंचायत समिति एवं ग्राम स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
शिक्षा विभाग को राजकीय एवं निजी विद्यालयों में योग दिवस कार्यक्रम आयोजित कराने तथा स्वयंसेवी संस्थाओं को योग प्रशिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर अम्बा लाल मीणा, उपखंड अधिकारी माधव भारद्वाज, आयुर्वेद विभाग के उप निदेशक करण सिंह दहिया, सीडीईओ महेश गुप्ता, महिला एवं बाल विकास विभाग के उप निदेशक महेश गुप्ता, पर्यटन विभाग की उप निदेशक टीना यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


