More
    Homeराजस्थानजयपुरसर्वाधिक अवधि तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बने नरेंद्र मोदी, कोटा...

    सर्वाधिक अवधि तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बने नरेंद्र मोदी, कोटा में हुई मंगल आराधना और राष्ट्र कल्याण की प्रार्थना

    जयपुर। भारत के सर्वाधिक अवधि 12 वर्ष एवं उससे अधिक  निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा करने का गौरव प्राप्त करने वाले यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल जीवन तथा राष्ट्र की सुख-समृद्धि, विकास, शांति और गौरव की कामना को लेकर बुधवार को कोटा के खड़े गणेश जी महाराज मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना एवं मंगलकामना कार्यक्रम आयोजित किया गया।

    कार्यक्रम में शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं श्रद्धाभाव के साथ भगवान गणेश का पूजन-अर्चन कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं शतायु जीवन की कामना की। इस अवसर पर देश की अखंडता, एकता, शांति, समृद्धि और निरंतर प्रगति के लिए विशेष प्रार्थनाएं की गईं। मंदिर परिसर वैदिक मंत्रों, मंगल ध्वनियों एवं ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः’ के पवित्र उद्घोष से गुंजायमान रहा।

    पूजन के दौरान भगवान गणेश से राष्ट्र के समस्त कष्टों, दुखों, विघ्नों के निवारण की प्रार्थना करते हुए भारत के उज्ज्वल भविष्य, सामाजिक समरसता, आर्थिक उन्नति एवं जनकल्याण की मंगलकामना की गई। श्रद्धालुओं ने प्रार्थना की कि भारत निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर रहे और राष्ट्रध्वज तिरंगा विश्व मंच पर सदैव गौरव एवं सम्मान के साथ लहराता रहे।

    कार्यक्रम में सभा को संबोधित करते हुए शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि यह देश के लिए गौरव का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज देश साहसिक निर्णयों, आत्मविश्वास, राष्ट्रीय गौरव और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए युग का साक्षी बन रहा है। उन्होंने कहा कि भारत वीरों और बलिदानियों की भूमि रही है, जिनके त्याग और संघर्ष से देश को स्वतंत्रता प्राप्त हुई और आज उसी स्वतंत्र भारत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नई दिशा एवं नई पहचान मिल रही है।

    उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में अयोध्या में भगवान रामलला के भव्य मंदिर का निर्माण हुआ, जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने जैसे ऐतिहासिक निर्णय लिए गए तथा देश की सुरक्षा, सम्मान और सामर्थ्य को नई मजबूती मिली। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा, गरीब कल्याण और सामाजिक न्याय को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया गया है।

     

    दिलावर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रत्येक जाति, वर्ग, क्षेत्र एवं समुदाय को समान रूप से विकास योजनाओं और अधिकारों का लाभ प्राप्त हो रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना करते हुए कहा कि ईश्वर उन्हें उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करें ताकि वे लंबे समय तक राष्ट्रसेवा करते हुए भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की दिशा में मार्गदर्शन देते रहें। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय का आह्वान किया कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाए और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करे।

    कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here