More
    Homeमनोरंजनकाला हिरण शिकार मामले पर बनी फिल्म का टीज़र रिलीज, सच उजागर...

    काला हिरण शिकार मामले पर बनी फिल्म का टीज़र रिलीज, सच उजागर करने का दावा

    अभिनेता सलमान खान के साल 1998 के चर्चित काले हिरण शिकार मामले और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के साथ चल रहे विवाद पर आधारित फिल्म 'काला हिरण-द बैटल फॉर लेगेसी' की पहली झलक शुक्रवार को आधिकारिक तौर पर रिलीज कर दी गई है। इस फिल्म को लेकर जहां एक तरफ सिनेमा प्रेमियों में उत्सुकता है, वहीं दूसरी तरफ खबर है कि सलमान खान ने इसके मेकर्स पर कानूनी मुकदमा भी दर्ज कराया है। विवादों के साए के बीच सामने आया यह फर्स्ट लुक सोशल मीडिया पर आते ही चर्चा का विषय बन गया है।

    फर्स्ट लुक में दिखा सलमान जैसा हुलिया और आइकॉनिक ब्रेसलेट

    फिल्म 'काला हिरण' का फर्स्ट लुक देखकर साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि इसकी कहानी सलमान खान के जीवन की वास्तविक घटनाओं के बेहद करीब है। टीज़र में मुख्य भूमिका निभा रहे अभिनेता का हुलिया पूरी तरह सलमान खान से मिलता-जुलता नजर आ रहा है, यहां तक कि उसने हाथ में सलमान का सिग्नेचर फिरोजा ब्रेसलेट भी पहना हुआ है। वीडियो की शुरुआत 2 अक्टूबर 1998 की उस तारीख से होती है, जब आधी रात को दो काले हिरणों का शिकार किया गया था। कोर्ट रूम के दृश्यों में बहस चल रही है और फिल्म में मुख्य आरोपी का नाम 'अयान खान' रखा गया है।

    दाऊद से बिश्नोई तक: मुंबई पुलिस की 'टॉर्चर स्पेशलिस्ट' टीम करेगी जांच

    फर्स्ट लुक में 90 के दशक के मुंबई अंडरवर्ल्ड और डॉन दाऊद इब्राहिम के खौफ को दिखाया गया है। वीडियो का एक संवाद ध्यान खींचता है, जिसमें कहा गया है कि 90 के दशक में भले ही दाऊद मुंबई अंडरवर्ल्ड का सरताज था, लेकिन आज उसका भी एक 'बाप' आ चुका है, जिसका नाम 'लॉयन बिश्नोई' है। इसके बाद बैकग्राउंड में ताबड़तोड़ फायरिंग की आवाजें आती हैं और मुंबई पुलिस की एंट्री होती है। बिश्नोई गैंग के गुर्गों पर नकेल कसने के लिए पुलिस महकमा मुस्तैद दिखाई देता है, जिसमें 'टॉर्चर स्पेशलिस्ट' इंस्पेक्टर सावंत और 'कसाई' के नाम से मशहूर डीसीपी पाटिल के किरदारों की झलक मिलती है।

    'सड़कों पर बिश्नोई गैंग के हाथों नहीं मरूंगा'– अयान खान का गुस्सा

    टीज़र के एक अहम हिस्से में मुख्य किरदार अयान खान पुलिस की धीमी तफ्तीश पर गुस्सा जाहिर करते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाता है। बिश्नोई गैंग से मिल रही लगातार धमकियों से परेशान अयान कहता है, "तुम लोगों में दम नहीं है तो मुझे अभी क्लियर बता दो। मैं ये देश छोड़कर चला जाऊंगा हमेशा के लिए, लेकिन बिश्नोई गैंग के हाथों सड़कों पर नहीं मरूंगा।" वहीं पुलिस की जांच में यह बात सामने आती है कि यह मामला अब केवल रंगदारी या फिरौती का नहीं रह गया है, बल्कि इसे एक 'धर्मयुद्ध' का रूप दे दिया गया है। फिल्म का एक और संवाद इस बात की पुष्टि करता है, "बिश्नोई को अयान के पैसे नहीं चाहिए सर, उसे अयान की बलि चाहिए।"

    बिश्नोई समाज के बलिदान और इतिहास का जिक्र

    फिल्म में बिश्नोई गैंग की तरफ से मुंबई के सुपरस्टार को खुली चेतावनी देते हुए कहा गया है, "मुंबई वाले हीरो को बता देना कि जिस समाज से उसने पंगा लिया है, वो इन जीवों और पेड़ों को बचाने के लिए अपनी 363 औरतों और बच्चों के सिर गिनवा चुका है।" टीज़र में कोर्ट रूम ड्रामा, पुलिसिया तफ्तीश और थ्रिलर का तगड़ा डोज देखने को मिल रहा है।

    आपको बता दें कि इस फिल्म का फर्स्ट लुक 'जानी फायरफॉक्स फिल्म्स' के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर जारी किया गया है। फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी भरत एस श्रीनेत ने संभाली है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here