राजीविका समिति को लेकर महिलाओं ने सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की उठाई मांग
राजगढ़। नव ज्योति राजीविका महिला सर्वांगीण विकास सहकारी समिति लिमिटेड, श्रीचंदपुरा से जुड़ी महिलाओं ने सोमवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर समिति में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
कार्यकारिणी गठन को लेकर उठाए सवाल
महिला प्रतिनिधि मंजू ने बताया कि राजीविका समिति के अंतर्गत लगभग 20 गांवों की महिलाएं कार्य कर रही हैं। उनके अनुसार 13 अक्टूबर 2025 को सभी गांवों की सहमति से कार्यकारिणी का गठन किया गया था, लेकिन 26 फरवरी 2026 को आयोजित विशेष आमसभा की सूचना अधिकांश महिला सदस्यों और संबंधित स्टाफ को नहीं दी गई। इसके बावजूद नई कार्यकारिणी का गठन कर दिया गया।
महिलाओं का कहना है कि इस संबंध में उप रजिस्ट्रार को भी शिकायत दी जा चुकी है, जबकि 12 मई 2026 को हुई जांच को भी उन्होंने निष्पक्ष नहीं माना।
ब्लॉक स्टाफ पर लगाए मनमानी के आरोप
ज्ञापन में ब्लॉक स्तर के स्टाफ पर मनमानी करने, महिला सदस्यों के साथ दुर्व्यवहार करने तथा समिति के कार्यों में अनावश्यक हस्तक्षेप करने के आरोप लगाए गए हैं। महिलाओं का कहना है कि बैठकों का संचालन निर्धारित नियमों के अनुरूप नहीं किया जा रहा और कई महत्वपूर्ण निर्णय व्यापक सहमति के बिना लिए जा रहे हैं।
बैंक ऋण में बाधा पहुंचाने का भी आरोप
महिलाओं ने आरोप लगाया कि वर्तमान पदाधिकारी स्वयं सहायता समूहों को मिलने वाले बैंक ऋण की प्रक्रिया में भी बाधा उत्पन्न कर रहे हैं, जिससे गरीब एवं जरूरतमंद महिलाओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और उनके स्वरोजगार संबंधी प्रयास प्रभावित हो रहे हैं।
पारदर्शी जांच और आमसभा कराने की मांग
महिलाओं ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, पारदर्शी तरीके से सामूहिक आमसभा आयोजित करने तथा सभी संबंधित महिलाओं को न्याय दिलाने की मांग की है। उन्होंने अपेक्षा जताई कि जांच के आधार पर आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी और समिति के संचालन में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


