More
    Homeराजस्थानअलवरग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण करने पहुंचीं जिला कलक्टर, 22 साल पुराना...

    ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण करने पहुंचीं जिला कलक्टर, 22 साल पुराना मामला हुआ समाधान

    शिविर में योजनाओं का लाभ मिला, शुद्ध जमाबंदी मिलने पर लाभार्थियों के चेहरे खिले

    अलवर। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने सोमवार को रामगढ़ तहसील की ग्राम पंचायत बाम्बोली में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराया जाए तथा समस्याओं का मौके पर ही त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के चेक, दस्तावेज और प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास की चाबियां भी वितरित की गईं।

    योजनाओं का लाभ दिलाने पर दिया जोर

    निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने शिविर में लगी विभिन्न विभागों की स्टॉलों का अवलोकन किया और आमजन से बातचीत कर सेवाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देकर अधिक से अधिक लाभान्वित किया जाए तथा शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि स्थानीय स्तर पर ही समस्याओं का समाधान हो सके।

    22 वर्ष पुराने राजस्व रिकॉर्ड की हुई शुद्धि

    शिविर में लाभार्थी सुखलाल एवं पृथ्वीसिंह जाट ने 22 वर्ष पुराने राजस्व रिकॉर्ड से जुड़ी समस्या का आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि भूमि क्रय के समय नामांतरण के दौरान खसरा संख्या 1388 में उनके पिता भुक्कल के हिस्से का कुछ रकबा दर्ज होने से छूट गया था।

    जिला कलक्टर के निर्देश पर राजस्व अधिकारियों ने रिकॉर्ड की जांच कर मामले का तत्काल निस्तारण किया और जमाबंदी में आवश्यक शुद्धि कर दी। इसके बाद जिला कलक्टर ने लाभार्थियों को शुद्ध जमाबंदी की नकल सौंपी। वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होने पर लाभार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

    शहरी और ग्रामीण शिविरों का भी हुआ निरीक्षण

    अतिरिक्त जिला कलक्टर द्वितीय श्रीमती बीना महावर ने नगर पालिका मालाखेड़ा में आयोजित शहरी सेवा शिविर तथा ग्राम पंचायत माधोगढ़ में ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं तथा ऑनलाइन सेवाओं के लिए ई-मित्र प्रतिनिधियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

    इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव रविंद्र सालुखे, एसडीएम माधव भारद्वाज, उपखंड अधिकारी नवज्योति कांवरिया, बीडीओ राजबाला मीणा, नगर पालिका अधिशासी अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here