More
    Homeराजस्थानअलवरगोवर्धन धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को राहत, रोडवेज ने चलाई 31 बसें

    गोवर्धन धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को राहत, रोडवेज ने चलाई 31 बसें

    कठूमर-खेरली क्षेत्र के यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ, गोवर्धन यात्रा हुई आसान

    कठूमर। गोवर्धन धाम जाने वाले श्रद्धालुओं एवं आम यात्रियों के लिए राजस्थान रोडवेज ने बड़ी राहत प्रदान की है। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) द्वारा जयपुर-गोवर्धन मार्ग पर प्रतिदिन 31 बसों का संचालन किया जा रहा है। इनमें जयपुर से गोवर्धन के लिए 15 बसें तथा गोवर्धन से जयपुर वापसी के लिए 16 बस सेवाएं शामिल हैं।

    इन बसों का सबसे अधिक लाभ कठूमर, खेरली एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को मिल रहा है, क्योंकि अधिकांश बसें कठूमर-खेरली मार्ग से होकर गुजरती हैं। इससे श्रद्धालुओं को अब निजी वाहनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ रहा और कम खर्च में सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध हो रही है।

    रोडवेज की बसें वैशाली नगर, लोहागढ़, केकड़ी, दौसा एवं डीलक्स डिपो से संचालित की जा रही हैं। जयपुर से गोवर्धन के लिए पहली बस सुबह 5:30 बजे वैशाली नगर डिपो से रवाना होती है। इसके बाद दिनभर विभिन्न समयों पर साधारण एवं एसी डीलक्स बसों की सुविधा उपलब्ध रहती है।

    वहीं गोवर्धन से जयपुर वापसी के लिए सुबह 4 बजे से शाम 4 बजे तक नियमित बस सेवाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे यात्रियों को यात्रा की बेहतर सुविधा मिल रही है।

    गोवर्धन धाम देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इसके अलावा विद्यार्थी, व्यापारी और अन्य यात्री भी इस मार्ग का नियमित उपयोग करते हैं। बस सेवाओं के नियमित संचालन से यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बनाने में आसानी हो रही है।

    कठूमर निवासी एक यात्री ने बताया कि नियमित बस सेवाएं शुरू होने से गोवर्धन धाम की यात्रा काफी आसान हो गई है। धार्मिक यात्राओं के साथ-साथ व्यापारिक कार्यों के लिए भी यह सुविधा उपयोगी साबित हो रही है। समयबद्ध बस संचालन से अब लंबा इंतजार नहीं करना पड़ता।

    रोडवेज अधिकारियों के अनुसार यात्रियों की संख्या और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर सेवाओं में आवश्यक बदलाव किए जाते हैं। अधिकारियों का कहना है कि गोवर्धन धाम मार्ग पर श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पर्याप्त बसों का संचालन किया जा रहा है। त्योहारी सीजन और विशेष अवसरों पर बसों की संख्या में और वृद्धि की जा सकती है।

    कठूमर-खेरली क्षेत्र के लोगों के लिए यह सेवा किसी वरदान से कम नहीं है। पहले सीधी बसों की कमी के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब दिनभर उपलब्ध बस सेवाओं से आवागमन काफी सुगम हो गया है।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here