More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशUPSC की तैयारी कर रहे युवक की मौत, सुसाइड नोट में बयां...

    UPSC की तैयारी कर रहे युवक की मौत, सुसाइड नोट में बयां किया दर्द और अधूरे सपनों का जिक्र

    उज्जैन। धार्मिक नगरी उज्जैन से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की तैयारी कर रहे 27 वर्षीय युवक राहुल ने अपने ही कमरे में फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। राहुल का विवाह महज 4 महीने पहले हुआ था, लेकिन शादी के शुरुआती दिनों से ही दांपत्य जीवन में कलह शुरू हो गई। मानसिक तनाव के चलते आखिरकार उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया। मौत को गले लगाने से पहले राहुल ने पांच पन्नों का एक विस्तृत सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें उसने अपनी आपबीती बयां की है।

    घटना की जानकारी मिलते ही नागझिरी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। तलाशी के दौरान पुलिस को मृतक का सुसाइड नोट मिला है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सुसाइड नोट में लिखे तथ्यों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले के हर पहलू की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।

    फरवरी में हुई थी शादी, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

    परिजनों के मुताबिक, राहुल का विवाह 10 फरवरी 2026 को हुआ था। उनका आरोप है कि शादी के कुछ ही दिन बाद से राहुल की पत्नी और उसकी सास द्वारा उस पर लगातार मानसिक दवाब बनाया जा रहा था। परिवार का दावा है कि राहुल पर जबरन तलाक लेने का दबाव डाला जा रहा था। ऐसा न करने पर उसे जान से मारने, उसका भविष्य व करियर तबाह करने और 5 लाख रुपये की नाजायज मांग को लेकर धमकियां दी जा रही थीं, जिससे तंग आकर उसने आत्मघाती कदम उठाया।

    सुसाइड नोट में लिखा—'तलाक और झूठे केस की मिल रही थी धमकी'

    राहुल ने अपने सुसाइड नोट में सिलसिलेवार तरीके से प्रताड़ना की कहानी लिखी है। उसने लिखा कि दोनों की शादी आपसी रजामंदी से हुई थी। समाज में एक अच्छा संदेश देने के उद्देश्य से उसने और उसके परिवार ने कोई दहेज नहीं लिया था, क्योंकि वह खुद प्रशासनिक सेवा की तैयारी कर रहा था और इस कुप्रथा के खिलाफ था। लेकिन शादी के तुरंत बाद से ही उसकी सास का व्यवहार बदल गया और मामूली बातों को लेकर विवाद किया जाने लगा।

    नोट के मुताबिक, शादी के कुछ ही दिनों बाद उसकी सास ने अचानक बेटी को तलाक देने का फरमान सुना दिया। जब राहुल ने इसका कारण पूछा, तो उन पर उल्टा दहेज मांगने का झूठा आरोप लगाया जाने लगा। राहुल ने समझाने की बहुत कोशिश की, लेकिन उसे फोन पर गालियां दी गईं और उसकी सास अपनी बेटी के माध्यम से भी उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगी।

    जमीन गिरवी रखकर की थी शादी, जाल में फंसने का अफसोस

    मृतक ने पत्र में खुलासा किया कि उसके पास शादी के खर्चे के लिए पर्याप्त पैसे नहीं थे, जिसके लिए उसने अपनी 3 बीघा पैतृक जमीन तक गिरवी रख दी थी। इसके बावजूद शादी होते ही रिश्ता तोड़ने की साजिशें रची जाने लगीं। राहुल ने आरोप लगाया कि एक अनजान व्यक्ति से फोन करवाकर उसे जान से मारने की धमकी भी दिलवाई गई थी, और जब वह डरा नहीं, तो उसे दहेज प्रताड़ना के झूठे केस में फंसाने का खेल शुरू कर दिया गया।

    सुसाइड नोट में सुहागरात के सच का जिक्र

    राहुल ने बेहद भावुक होते हुए लिखा कि उसकी मौत के जिम्मेदार उसकी सास, ससुर और पत्नी हैं। उसने आरोप लगाया कि विवाह की पहली रात को ही उसकी पत्नी ने उससे दूरी बना ली थी और कहा था कि उसे छूने का कोई हक नहीं है। राहुल ने लिखा कि वह उनके इस सोचे-समझे जाल (स्कैम) को भांपने में नाकाम रहा और भगवान ऐसी पत्नी किसी को न दे। फिलहाल पुलिस सुसाइड नोट को फोरेंसिक जांच के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here