More
    Homeराजस्थानअलवरजिला कलक्टर ने किया जल संरक्षण कार्यों का निरीक्षण

    जिला कलक्टर ने किया जल संरक्षण कार्यों का निरीक्षण

    वंदे गंगा अभियान के प्रयासों की सराहना

    अलवर।जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने शुक्रवार को पंचायत समिति मालाखेड़ा की ग्राम पंचायत माधोगढ़ का दौरा कर वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत चल रहे जल ग्रहण एवं संरक्षण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक जल स्रोतों के पुनर्निर्माण सहित मनरेगा और पीएमकेएसवाई योजनान्तर्गत संचालित कार्यों का जायज़ा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

    डॉ. शुक्ला ने ग्राम इंदौक एवं नलदेश्वर मंदिर के पास स्थित बावड़ियों के मरम्मत, साफ-सफाई और पेंटिंग कार्यों की सराहना करते हुए निर्देश दिए कि इन स्थलों पर अधिकाधिक पौधारोपण कराया जाए, पार्क विकसित किया जाए और आमजन को आकर्षित करने के लिए सेल्फी पॉइंट भी बनाए जाएं। उन्होंने नलदेश्वर बावड़ी के पास सोख्ता गड्ढा निर्माण के आदेश भी दिए ताकि जल का समुचित पुनर्भरण सुनिश्चित किया जा सके।

    ग्राम इंदौक में आंगनबाड़ी केंद्र के पास स्थित बावड़ी का निरीक्षण करते हुए कलक्टर ने पानी की टंकी के पास भी सोख्ता गड्ढा निर्माण कराने के निर्देश दिए, जिससे बूंद-बूंद पानी का संचय किया जा सके। उन्होंने रामतलाई इंदौक में मनरेगा योजना के अंतर्गत हो रही जोहड़ खुदाई और रिचार्ज शाफ्ट निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए कहा कि जोहड़ से निकली मिट्टी का उपयोग पाल की चौड़ाई बढ़ाने में किया जाए। साथ ही, क्षतिग्रस्त कार्यस्थल बोर्ड को भी तुरंत पुनः तैयार कराया जाए।

    निरीक्षण के दौरान उन्होंने पीएम कृषि सिंचाई योजना (PMKSY) के तहत प्रगतिरत तालाब पुनरुद्धार एवं वेस्टवीयर निर्माण कार्यों का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

    इस अवसर पर मनरेगा के अधिशाषी अभियंता श्री नरेंद्र कुमार लाखीवाल, विकास अधिकारी मालाखेड़ा श्रीमती राजबाला मीणा सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here