More
    Homeदेशएनटीए की लापरवाही या तकनीकी गलती? नागपुर के छात्र को आवंटित हुआ...

    एनटीए की लापरवाही या तकनीकी गलती? नागपुर के छात्र को आवंटित हुआ अबू धाबी सेंटर

    नागपुर से सात समंदर पार केंद्र आवंटित होने पर परिजनों में चिंता, संशोधित एडमिट कार्ड की मांग

    नागपुर। नीट-यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा आयोजित होने से ठीक 24 घंटे पहले महाराष्ट्र के नागपुर में एक बेहद अजीबोगरीब मामला प्रकाश में आया है, जिसने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के प्रबंधन पर गंभीर सवालिया निशान लगा दिए हैं।

    यहां के एक छात्र ने परीक्षा के लिए नागपुर को अपनी प्राथमिकता सूची में पहले स्थान पर रखा था, परंतु जब उसने अपना नया प्रवेश पत्र (एडमीट कार्ड) डाउनलोड किया, तो उसमें परीक्षा केंद्र सीधे संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी शहर में दर्शाया गया। रविवार 21 जून को होने वाली इस परीक्षा के लिए चंद घंटों के भीतर विदेश पहुंचकर परीक्षा में बैठना अभ्यर्थी और उसके परिजनों के लिए पूरी तरह असंभव हो गया है।

    पीड़ित छात्र को पूर्व में आयोजित हुई मूल परीक्षा के लिए नागपुर के ही सरस्वती विद्यालय में परीक्षा केंद्र मिला था। मगर पेपर लीक के उपद्रव के बाद जब एनटीए ने प्रभावित छात्रों के लिए दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लिया और नए प्रवेश पत्र वेबसाइट पर डाले, तो इस छात्र का केंद्र बदलकर ‘अबू धाबी इंडियन स्कूल’ कर दिया गया। छात्र के पिता मोहम्मद तालिब के मुताबिक, आवेदन पत्र भरते समय उनके बेटे ने प्राथमिकताओं में नागपुर, वर्धा और भंडारा जैसे नजदीकी शहरों का चयन किया था।

    हैरान करने वाली बात यह भी है कि छात्र के पास अभी तक पासपोर्ट भी उपलब्ध नहीं है। इस घोर लापरवाही की शिकायत तुरंत एनटीए की हेल्पलाइन पर दर्ज कराई गई है, जहां अधिकारियों ने इसे तकनीकी त्रुटि मानते हुए जल्द ही संशोधित प्रवेश पत्र जारी करने का भरोसा दिया है, लेकिन परीक्षा के ठीक पहले आई इस विपदा से छात्र गहरे मानसिक तनाव में है।

    इस गंभीर मामले पर संज्ञान लेते हुए महाराष्ट्र के पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. अनीस अहमद ने इसे एक अक्षम्य प्रशासनिक लापरवाही करार दिया है। उन्होंने मांग की है कि एनटीए अविलंब अपनी गलती को सुधारे और छात्र को स्थानीय स्तर पर परीक्षा देने की अनुमति प्रदान करे, क्योंकि यह त्रुटि परीक्षा संचालन की साख को धूमिल करती है। दूसरी तरफ, एनटीए ने दावा किया है कि इस पुनर्परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए अभूतपूर्व सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।

    सभी प्रश्नपत्रों और परीक्षा सामग्रियों को जीपीएस आधारित वाहनों व कड़ी पुलिस अभिरक्षा में केंद्रों तक भेजा जा रहा है। इसके अलावा, सभी संवेदनशील परीक्षा स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों से सघन निगरानी रखने के साथ-साथ बायोमेट्रिक सत्यापन और वास्तविक समय (रियल टाइम) मॉनिटरिंग की तकनीक लागू की गई है।

    नीट-यूजी 2026 की यह विशेष पुनर्परीक्षा 21 जून को दोपहर 2:00 बजे से सायंकाल 5:15 बजे तक पारंपरिक पेन-एंड-पेपर (ऑफलाइन) माध्यम से संपन्न होगी। इस राष्ट्रव्यापी परीक्षा के लिए भारत के 551 शहरों सहित विदेशों के 14 केंद्रों पर व्यवस्थाएं की गई हैं, जिसमें 22.79 लाख से अधिक परीक्षार्थियों के सम्मिलित होने का अनुमान है।

    परीक्षा को सुचारू ढंग से चलाने के लिए देश भर में दो लाख से ज्यादा पर्यवेक्षकों और पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। एनटीए द्वारा जारी आधिकारिक दिशा-निर्देशों के अनुसार, सभी अभ्यर्थियों को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे के बीच अनिवार्य रूप से अपने निर्धारित केंद्रों पर रिपोर्ट करना होगा। दोपहर 1:30 बजे के बाद परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार पूरी तरह बंद कर दिए जाएंगे और किसी भी परिस्थिति में विलंब से आने वाले परीक्षार्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here