घरेलू विवाद के बीच प्रेमपुरा में वारदात, शराब के नशे में पति पर पत्नी को नीचे फेंकने का आरोप
राजगढ़। अलवर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम प्रेमपुरा में घरेलू विवाद के दौरान एक महिला के गंभीर रूप से घायल होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शराब के नशे में धुत पति ने अपनी पत्नी को एक मंजिला मकान की छत से धक्का दे दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला के सिर में गंभीर चोट आई है और उसका उपचार अलवर जिला अस्पताल में जारी है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता मनीषा ने बताया कि उसका पति राकेश शराब का आदी है और आए दिन नशे की हालत में घर आकर विवाद करता है। शुक्रवार रात भी वह शराब पीकर घर पहुंचा था। इस दौरान मनीषा ने उसे रोजाना शराब पीने से मना करते हुए परिवार की स्थिति को देखते हुए नशा छोड़ने की सलाह दी।
पीड़िता के अनुसार पत्नी की बात सुनकर राकेश गुस्से में आ गया। आरोप है कि दोनों के बीच कहासुनी बढ़ने पर उसने पहले झगड़ा किया और बाद में मनीषा को मकान की छत से नीचे धक्का दे दिया। अचानक नीचे गिरने से महिला के सिर में गंभीर चोट लग गई और काफी रक्तस्राव हुआ। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल राजगढ़ अस्पताल पहुंचाया।
राजगढ़ अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने महिला की हालत गंभीर देखते हुए उसे अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल वहां उसका उपचार जारी है। पीड़िता का कहना है कि पति की शराब की लत के कारण वह लंबे समय से परेशान है और घर में अक्सर विवाद की स्थिति बनी रहती है। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भी आक्रोश व्याप्त है।
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है तथा प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


