More
    Homeमनोरंजनबेटी दिवस पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर अभिनेत्री की अपील, दिया...

    बेटी दिवस पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर अभिनेत्री की अपील, दिया अहम संदेश

    मुंबई| बेटी दिवस के खास मौके पर बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सेनन ने सोशल मीडिया पर एक भावुक और विचारोत्तेजक पोस्ट शेयर किया है, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. इस पोस्ट के जरिए अभिनेत्री ने देश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता जाहिर की है और समाज से उन कड़वी सच्चाइयों पर विचार करने को कहा है, जिनका सामना हर महिला को अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में करना पड़ता है. कृति के इस संदेश को सोशल मीडिया पर काफी सराहा जा रहा है और यह तेजी से वायरल हो रहा है.

    बेटी की सुरक्षा और डर को लेकर कृति का गंभीर सवाल

    कृति सेनन ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि इस बेटी दिवस पर जरा यह सोचकर देखिए कि आपकी बेटी आपको फोन करके यह कहे कि उसे लग रहा है कोई उसका पीछा कर रहा है. अभिनेत्री ने आगे कल्पना करने को कहा कि जब एक बेटी रात के समय अकेले घर लौट रही होती है और बार-बार मुड़कर पीछे देखती है या घर पहुंचने से पहले ही उसका फोन बंद हो जाता है, तो उस स्थिति में एक माता-पिता और समाज के रूप में हमारी जिम्मेदारी क्या होनी चाहिए.

    रोजमर्रा की सावधानियों और मजबूरियों पर तंज

    एक्ट्रेस ने अपनी पोस्ट में इस बात पर जोर दिया कि महिलाओं को समाज में सुरक्षित महसूस करने के लिए रोजाना कितनी पाबंदियों और सावधानियों से गुजरना पड़ता है. उन्होंने लिखा कि लाइव लोकेशन शेयर करने से लेकर अपने पास पेपर स्प्रे रखने तक, और पैदल चलने के बजाय कैब बुक करने से लेकर रास्ते भर किसी न किसी से फोन पर बात करने तक की आदतें महिलाओं की जिंदगी का हिस्सा बन चुकी हैं, जो कि एक सभ्य समाज के लिए बेहद शर्मनाक और विचारणीय विषय है.

    असली बेटी दिवस मनाने की परिभाषा

    कृति सेनन ने अपने पोस्ट के अंत में एक ऐसी दुनिया की कल्पना की है जहां महिलाओं को डर के साए में न जीना पड़े. उन्होंने अपील करते हुए कहा कि जिस दिन देश की कोई भी बेटी रात के वक्त अकेले सुरक्षित घर लौट सकेगी, अंधेरे में पार्क में बैठ सकेगी, अपनी मर्जी के कपड़े पहन सकेगी और बिना किसी हमले के डर के सार्वजनिक परिवहन का उपयोग कर सकेगी, असल मायनों में उसी दिन हमें ‘बेटी दिवस’ मनाना चाहिए.

    सोशल मीडिया पर वायरल हुई पोस्ट और पुरानी ट्रोलिंग

    अभिनेत्री की इस पोस्ट के सामने आते ही सोशल मीडिया यूजर्स ने इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं. कई यूजर्स ने उनकी बात का समर्थन करते हुए इसे समाज की असली सच्चाई करार दिया, तो कुछ ने देश में महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी निराशा भी व्यक्त की. गौरलतब है कि इससे पहले रक्षाबंधन के मौके पर आए एक विज्ञापन में अपने पहनावे को लेकर कृति सेनन को सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल होना पड़ा था, जिसके बाद उनका यह नया बयान महिलाओं की स्वतंत्रता और सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बड़ी बहस छेड़ गया है.

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here