अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर कार्यालय में बनाया गया परीक्षा नियंत्रण कक्ष, प्रशासन ने की व्यापक तैयारियां
अलवर। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित NEET UG-2026 परीक्षा 21 जून को प्रातः 11 बजे से दोपहर 2:15 बजे तक अलवर जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में जिले के कुल 9,731 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि NEET परीक्षा के लिए जिले में कुल 27 राजकीय परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें अलवर शहर में 19, मालाखेड़ा में 2, रामगढ़ में 2 तथा राजगढ़ में 5 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
परीक्षा नियंत्रण कक्ष की स्थापना
NEET परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) कार्यालय के कक्ष संख्या 122, मिनी सचिवालय में परीक्षा नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। यह नियंत्रण कक्ष 20 जून से परीक्षा समाप्ति तक कार्यरत रहेगा। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 0144-2345077 निर्धारित किया गया है।
प्रशासनिक अधिकारियों की नियुक्ति
एनटीए के निर्देशानुसार परीक्षा व्यवस्था के लिए एक सेक्टर मजिस्ट्रेट, दो ड्यूटी मजिस्ट्रेट तथा आवश्यक वीक्षकों की नियुक्ति की गई है। अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) अम्बा लाल मीणा को जिला नोडल अधिकारी तथा अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) दीपक शर्मा को जिला पुलिस नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) को सहायक जिला नोडल अधिकारी का दायित्व सौंपा गया है।
प्रशासन ने परीक्षा के निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

