माताजी मीरा देवी की पुण्यतिथि पर निःशुल्क नेत्र शिविर आयोजित, 225 मरीजों की जांच
रसगन, खैरथल । स्वर्गीय पूज्यनीय माताजी श्रीमती मीरा देवी की तृतीय पुण्यतिथि के अवसर पर सेवा और जनकल्याण के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए तिलक बाल विद्या विहार स्कूल, रसगन में रविवार को निःशुल्क नेत्र जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर नेत्र रोग विशेषज्ञों से परामर्श प्राप्त किया।
शिविर में कुल 225 मरीजों की निःशुल्क नेत्र जांच की गई। जांच के दौरान मोतियाबिंद एवं अन्य नेत्र रोगों से पीड़ित 30 मरीजों का निःशुल्क ऑपरेशन के लिए चयन किया गया, जिनका उपचार अलवर स्थित श्रॉफ हॉस्पिटल में कराया जाएगा। इसके अलावा 195 मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया तथा 45 जरूरतमंद लोगों को रियायती दर पर चश्मे उपलब्ध कराए गए।
आयोजकों ने बताया कि माताजी मीरा देवी की स्मृति में प्रतिवर्ष जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी कड़ी में इस वर्ष नेत्र शिविर का आयोजन कर ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।
शिविर के सफल संचालन में श्रॉफ हॉस्पिटल, अलवर की चिकित्सकीय टीम का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में सुनील शर्मा, मुकेश रामानी, गुलाब चंद, शशि प्रभा शर्मा, नरेश यादव, घनश्याम शर्मा, राजेंद्र कटारा, राजकुमार, पूरण सिंह, चोखम शर्मा, सतबीर सिंह, बहादुर सिंह, नंदलाल, उमेश कटारा, हार्दिक शर्मा, दीपाली रामानी, शुभम शर्मा तथा समीर सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।
आयोजकों ने सभी सहयोगियों, चिकित्सकों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज सेवा के ऐसे प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का लाभ मिल सके।


