150 से 200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, दरगाह बाजार अजमेर में मिली 17 वर्षीय बालिका
अजमेर। पुलिस ने ‘ऑपरेशन खुशी-11’ के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए लापता 17 वर्षीय किशोरी को सकुशल तलाश कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी के आधार पर बालिका को दरगाह बाजार क्षेत्र से दस्तयाब किया। बालिका के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली।
9 अक्टूबर को घर से लापता हुई थी किशोरी
पुलिस के अनुसार, लोहागल निवासी हरीश चीता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 17 वर्षीय भतीजी हीना 9 अक्टूबर की सुबह घर से अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देश पर किशोरी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई।
150 से 200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले
थानाधिकारी अरविंद सिंह चारण के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने लोहागल, पंचशील, वैशाली नगर, आनासागर चौपाटी, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, होटल-ढाबों और रैन बसेरों सहित विभिन्न स्थानों पर तलाश अभियान चलाया।
पुलिस ने करीब 150 से 200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही आमजन को बालिका का फोटो दिखाकर जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया। लगातार तलाश के बाद पुलिस ने किशोरी को दरगाह बाजार क्षेत्र से सकुशल दस्तयाब कर लिया।
कानूनी प्रक्रिया के बाद परिजनों को सौंपा
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद किशोरी को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अपनी बेटी को सुरक्षित पाकर परिजनों ने राहत महसूस की और पुलिस की तत्परता के लिए आभार जताया।
‘ऑपरेशन खुशी-11’ के तहत की गई इस कार्रवाई में क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस की टीम ने लापता किशोरी की तलाश को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न स्थानों पर जांच की। पुलिस ने अभियान के माध्यम से लापता बालिका को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

