विधायक ने 8 लाख के सामुदायिक शौचालय का उद्घाटन किया, 120 स्ट्रीट लाइट का लोकार्पण
कठूमर। कस्बे के विकास को नई गति देते हुए विधायक रमेश खींची ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर 8 लाख रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक सामुदायिक शौचालय का फीता काटकर उद्घाटन किया। साथ ही नगरपालिका परिक्षेत्र में डीएलवी से प्राप्त 120 नई स्ट्रीट लाइट का समारोहपूर्वक लोकार्पण भी किया।
सीएचसी की बड़ी समस्या का समाधान
कार्यक्रम में ईओ बिक्रांत शर्मा ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लंबे समय से शौचालय की समस्या बनी हुई थी। मरीजों और तीमारदारों को काफी परेशानी होती थी। इस समस्या को देखते हुए 8 लाख रुपये की लागत से आधुनिक सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है। उद्घाटन के बाद विधायक ने परिसर में वृक्षारोपण किया और स्वच्छता अभियान चलाकर ‘स्वस्थ कठूमर, स्वच्छ कठूमर’ का संदेश दिया।
नगरपालिका क्षेत्र हुआ रोशन
डीएलवी फंड से प्राप्त 120 स्ट्रीट लाइट के लोकार्पण के बाद अब नगरपालिका परिक्षेत्र की गलियां और चौराहे जगमगाएंगे। विधायक रमेश खींची ने कहा कि बेहतर प्रकाश व्यवस्था से महिलाओं और बुजुर्गों को रात में आवागमन में सुविधा होगी और सुरक्षा भी बढ़ेगी।
विधायक ने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा और आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। स्वास्थ्य केंद्र पर शौचालय और शहर में रोशनी इसी दिशा में उठाए गए कदम हैं।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में चिकित्सा प्रभारी डा.जनावर सैनी, ईओ बिक्रांत शर्मा, गोपेश भारद्वाज, सियाराम पटेल, केदार शर्मा, गुड्डू सरपंच भूमिदत्त शर्मा, विजेंदर सरपंच, नरेश गुर्जर,विश्वेंद्र चौधरी, बसंता जैन,सोनू खंडेलवाल,सुमित सोनी, गुल्लू दुरेजा, दिलीप जैन, देवेंद्र चौधरी,खुशी खंडेलवाल,श्याम सुंदर जाटव ,सतीश पंसारी, विकास,भारद्वाज, संतोष पंसारी, बृजमोहन शर्मा,मनोज शर्मा, कीर्ति सेन, राजेंद्र जाटव,जीतू शर्मा,बच्चू चौधरी,बृजेश लाइनमैन, श्रीराम मीणा मौजूद रहे।
डॉ. जवाहर सिंह सैनी ने विधायक का आभार जताते हुए कहा कि नए शौचालय से सीएचसी आने वाले हर मरीज को सुविधा मिलेगी और स्वच्छता बनी रहेगी।


