More
    Homeराजस्थानजयपुरपाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए हथियारों की खेप भेजने की...

    पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए हथियारों की खेप भेजने की आशंका, सीमावर्ती इलाकों में सर्च ऑपरेशन

    श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के रावला इलाके में भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर पर तस्करों द्वारा ड्रोन के जरिए हथियारों की एक बड़ी खेप गिराए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सीमा पार से गिराए गए इस भारी-भरकम असदले को देखकर सुरक्षा एजेंसियां भी पूरी तरह हैरान और सतर्क हो गई हैं। प्रारंभिक सूचना के अनुसार इस खेप में दो अत्याधुनिक पिस्तौल, चार मैगजीन, करीब 650 कारतूस, चार जोड़ी बैटरियां और दो रिमोट बरामद किए गए हैं। इसके अलावा शुरुआती जांच में दो पैकेट आरडीएक्स होने की भी आशंका जताई जा रही है।

    रावला के 12 केएनडी इलाके में मिला संदिग्ध सामान

    सीमा सुरक्षा एजेंसियों से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार तड़के रावला के 12 KND सीमा क्षेत्र में तीन संदिग्ध पैकेट मिलने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस और अन्य सुरक्षा बल तुरंत मौके पर पहुंचे। यह पूरी खेप पाकिस्तान की तरफ से ड्रोन के माध्यम से नीचे गिराए जाने की बात सामने आ रही है। घटना के बाद से ही अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में भारी नाकाबंदी कर बड़े पैमाने पर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। हालांकि, बरामद हथियारों और सामग्रियों की आधिकारिक पुष्टि का अभी इंतजार किया जा रहा है।

    कुछ संदिग्ध युवकों को किया गया डिटेन

    इस मामले में सुरक्षा एजेंसियों ने कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। हालांकि, सुरक्षा कारणों से अभी डिटेन किए गए युवकों की पहचान उजागर नहीं की गई है। एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि इस खेप को ड्रोन के जरिए कितने बजे के आसपास ड्रॉप किया गया था और इसके तार स्थानीय स्तर पर किन लोगों से जुड़े हुए हैं। स्थानीय लोगों से भी इनपुट जुटाए जा रहे हैं।

    सीमावर्ती जिलों में पहले भी हो चुकी हैं ऐसी हरकतें

    भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर श्रीगंगानगर जिले में इससे पहले भी कई बार पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए हथियार, कारतूस और ड्रग्स की खेप गिराने की नापाक कोशिशें की जा चुकी हैं। श्रीगंगानगर के अलावा बाड़मेर और बीकानेर जैसे अन्य सीमावर्ती जिलों में भी इस तरह की गतिविधियां सामने आती रही हैं। कई बार सतर्क सुरक्षाबलों ने हथियारों की खेप ले जा रहे ड्रोन्स को मार भी गिराया है। सीमा पर लगातार सामने आ रही इन हरकतों के मद्देनजर बीएसएफ (BSF) और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं और पूरे इलाके की चप्पे-चप्पे पर छानबीन की जा रही है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here